ट्विशा शर्मा केस: गिरीबाला सिंह को आज कोर्ट में पेश करेगी CBI, समर्थ के सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी

Giribala Court Appearance: ट्विशा शर्मा मौत मामले में गिरफ्तार सास गिरीबाला सिंह को आज CBI कोर्ट में पेश करेगी। जांच एजेंसी समर्थ और गिरीबाला को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
Twisha Sharma Death Case
गिरीबाला सिंह, CBI (फोटो सोर्स- नवभारत डिजाइन)
Published on: 
Updated on: 

Twisha Sharma Death Case Update: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI ने बड़ा कदम उठाते हुए ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर मामले में सबूतों से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। सीबीआई ने लगातार तीन दिनों तक पूछताछ, स्पॉट वेरिफिकेशन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद यह कार्रवाई की। गिरफ्तार गिरिबाला सिंह को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सीबीआई ने 25 मई की रात इस मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की थी। इसके अगले दिन 26 मई को एजेंसी की टीम पहली बार भोपाल के बाग मुगलिया एक्सटेंशन स्थित गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। यहां अधिकारियों ने करीब दो घंटे तक पूछताछ की और घटना की रात घर में मौजूद लोगों की गतिविधियों, घटनास्थल की स्थिति और बाद में किए गए बदलावों को लेकर जानकारी जुटाई।

समर्थ और गिरीबाला को आमने-सामने बैठाकर होगी पूछताछ

इस मामले में ट्विशा के पति समर्थ सिंह को सीबीआई पहले ही रिमांड पर ले चुकी है। सूत्रों के अनुसार अब एजेंसी समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, ताकि बयानों में सामने आ रहे विरोधाभासों को स्पष्ट किया जा सके।

वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही CBI

सीबीआई फिलहाल ‘टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन’ तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। जांच एजेंसी ट्विशा शर्मा के आखिरी घंटों का डिजिटल और वर्चुअल रीक्रिएशन तैयार कर रही है। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा, वाई-फाई लॉग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और घर की फॉरेंसिक मैपिंग को जोड़ा जा रहा है।

मिनट-टू-मिनट घटनाक्रम तैयार कर रही है एजेंसी

सूत्रों के मुताबिक एजेंसी ट्विशा शर्मा का डिजिटल अवतार तैयार कर यह समझने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले वह घर के किस हिस्से में थी, किन लोगों से संपर्क में थीं और घटना के समय घर में क्या गतिविधियां हुईं? सीबीआई कैमरों के टाइमस्टैंप, इंटरनेट उपयोग और मोबाइल एक्टिविटी का मिलान कर मिनट-टू-मिनट घटनाक्रम तैयार कर रही है।

12 मई को हुई थी ट्विशा की संदिग्ध मौत

ट्विशा शर्मा की 12 मई की रात भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआती जांच भोपाल पुलिस ने की थी, लेकिन परिजनों ने जांच पर सवाल उठाए थे। इसके बाद मामला सीबीआई को सौंप दिया गया। अब एजेंसी परिवार से जुड़े अन्य लोगों, घरेलू कर्मचारियों और घटना के बाद संपर्क में आए लोगों से भी पूछताछ कर सकती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com