

Bhopal 74 Bangla Theft Case: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के सबसे संवेदनशील और वीवीआईपी माने जाने वाले '74 बंगले' इलाके में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। सुरक्षा के सख्त इंतजामों और हर पल पुलिस की पैनी नजर रहने वाले इस क्षेत्र में साँची पार्लर को निशाना बनाया गया है। चोरों ने न केवल पार्लर से नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग वाली डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में स्थित सांची पार्लर का ताला तोड़ा। पार्लर में रखे 40 से 50 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने इलाके में लगे सुरक्षा तंत्र को चकमा देते हुए बड़ी ही सफाई से सीसीटीवी की हार्ड ड्राइव और डीवीआर को भी निकाल लिया, ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके।
यह घटना इसलिए भी बेहद गंभीर है क्योंकि यह क्षेत्र राज्य के सबसे हाई-प्रोफाइल लोगों का निवास स्थान है। जहा चोरी हुई है, उसके ठीक पास पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बंगला स्थित है। सांची पार्लर के ठीक सामने वरिष्ठ मंत्री कृष्णा गौर और अनसुइया उइके का आधिकारिक बंगला है। यह इलाका 24 घंटे पुलिस की सख्त निगरानी और सुरक्षा घेरे में रहता है। इसके बावजूद, चोरों का बेखौफ होकर घटना को अंजाम देना स्थानीय पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है।
घटना की सूचना मिलते ही भोपाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया। फिलहाल, आसपास के अन्य बंगलों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्धों का पता लगाया जा सके। आम जनता के बीच अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जब वीवीआईपी जोन ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करें?