Highlights :
भोपाल का औसत AQI शुक्रवार को 207 दर्ज किया गया।
पर्यावरण परिसर में AQI 277 के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषण रहा।
मंडीदीप में AQI 249 और ग्वालियर में 247 दर्ज किया गया।
Bhopal Air Quality in Poor Category : राजधानी भोपाल में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। शुक्रवार को शहर का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 207 दर्ज किया गया। इसके साथ ही भोपाल देश के उन 38 प्रमुख शहरों में शामिल हो गया जहां वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है। शहर के कई इलाकों में धूल, धुएं और कचरा जलाने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
भोपाल के अलग अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर अलग अलग दर्ज किया गया। पर्यावरण परिसर में AQI 277 के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषण रहा। वहीं सीमावर्ती क्षेत्र मंडीदीप में AQI 249 दर्ज किया गया। ईदगाह हिल्स और टीटी नगर में ये आंकड़ा 152 रहा।
शहर में कई जगह खुले में कचरा और प्लास्टिक जलाया जा रहा है। इससे निकलने वाला धुआं हवा को प्रदूषित कर रहा है और लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा कर रहा है। खुले में पड़े सड़ते कचरे से संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का जोखिम भी बढ़ रहा है। प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट में उठाने की तैयारी की जा रही है।
शहर में मेट्रो, सड़क निर्माण और खुदाई के कामों के चलते कई इलाकों में धूल उड़ रही है। निर्माण स्थलों पर नियमित पानी का छिड़काव नहीं होने और ग्रीन नेट नहीं लगाए जाने से धूल आसपास के क्षेत्रों में फैल रही है। सड़कों की नियमित सफाई नहीं होने से वाहनों की आवाजाही के दौरान भी धूल के गुबार उठते हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पराली जलाने और दीपावली के दौरान हुई आतिशबाजी से निकले धुएं को भी प्रदूषण बढ़ने की वजह बताया जा रहा है।
दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश के 38 शहरों में AQI 201 से 296 के बीच दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का बागपत 296 AQI के साथ सबसे प्रदूषित शहर रहा। अन्य शहरों की स्थिति इस प्रकार रही खुर्जा 280,पारादीप 274,अंबाला और सोनीपत 270,मेरठ 265,गाजियाबाद 257,ग्वालियर 247,पटियाला 201 AQI दर्ज किया गया।