35 वर्षों का मजबूत साथ...प्रेरणा और राष्ट्र प्रथम की भावना समेटी है मामा की किताब 'अपनापन', जानें क्यों है खास

Apnapan Shivraj Singh Book: शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी के साथ अपने 35 वर्षों के अनुभवों को पुस्तक के रूप में साझा किया है। उन्होंने 'अपनापन' नामक किताब लिखी है, जानें क्यों खास है यह किताब।
Shivraj Singh Chouhan Book Apnapan Launch Did You Know Why It Is Important
शिवराज सिंह चौहान की किताब (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shivraj Singh Chouhan Book Apnapan Launch: शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने 35 वर्षों के अनुभवों को पुस्तक के रूप में साझा किया है। उन्होंने 'अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव’ नामक किताब लिखी है, जिसका लोकार्पण मंगलवार सुबह दिल्ली स्थित एनएएससी कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

पुस्तक का विमोचन एम. वेंकैया नायडू और एच.डी. देवेगौड़ा ने किया। समारोह में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। बता दें कि, इस पुस्तक के जरिए शिवराज सिंह चौहान ने न केवल पीएम मोदी के साथ अपने अनुभवों को साझा किया है बल्कि इसमें राष्ट्र प्रथम के विचारों को भी लिखा है।

कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रेखा गुप्ता, पुष्कर सिंह धामी, मनोहर लाल खट्टर और गिरिराज सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समारोह में देशभर से पहुंचे नेताओं की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

किताब में 1991 से लेकर अब तक के अनुभवों का उल्लेख

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह पुस्तक उनके लिए केवल एक साहित्यिक कृति नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बिताए वर्षों की आत्मीय यादों का संग्रह है। उन्होंने बताया कि किताब में साल 1991 की एकता यात्रा से लेकर अब तक के कई अनुभवों का उल्लेख किया गया है। उस दौरान मुरली मनोहर जोशी की यात्रा में नरेंद्र मोदी संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

इसलिए खास है यह किताब

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनकी यह पुस्तक खासतौर पर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी। उनके मुताबिक किताब में अनुशासन, समर्पण, कठोर परिश्रम और लोगों से आत्मीय जुड़ाव के जरिए बड़े उद्देश्यों को हासिल करने का संदेश दिया गया है। पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सुशासन, राष्ट्रहित में किए गए कार्यों और नीति निर्माण से जुड़े कई व्यक्तिगत अनुभवों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्हें विभिन्न भूमिकाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए भी दोनों ने साथ काम किया और बाद में प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उनका सहयोग लगातार बना रहा। शिवराज ने कहा कि उन्होंने मोदी से कई महत्वपूर्ण प्रेरणाएं लीं, खासकर ऐसे फैसले लेने की सीख, जिनसे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com