

CM Mohan Yadav On Sagar Poisonous Liquor Case : सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने की आशंका के बीच 14 से ज्यादा लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। वहीं 25 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद प्रदेश सरकार भी सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर की घटना को लेकर कहा कि उन्होंने प्रभारी मंत्री और अधिकारियों से तत्काल मौके पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं को सरकार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी।
वहीं उपमुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों से हुई बातचीत के आधार पर उन्हें फिलहाल करीब 8-9 लोगों की मौत की जानकारी मिली है। देवड़ा ने कहा कि कुछ मरीज इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।
जगदीश देवड़ा ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी कितना भी बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। आबकारी विभाग के कमिश्नर समेत वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजे जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
इलाज को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि अस्पताल में मरीजों का उपचार जारी है और उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने अधिकारियों से बातचीत की और स्वास्थ्य व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सागर शराबकांड में मौतों के आंकड़े को लेकर फिलहाल अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। स्थानीय स्तर पर 14 से ज्यादा लोगों की संदिग्ध मौत की बात कही जा रही है, जबकि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने उन्हें मिली प्रारंभिक जानकारी के आधार पर 9 मौतों की बात कही है। ऐसे में आधिकारिक आंकड़े की पुष्टि का इंतजार है। मौतों की वास्तविक वजह भी जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद प्रभावित क्षेत्र में शराब दुकानों को सील करने और शराब के सैंपल लेने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें अवैध शराब के संभावित नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। सरकार ने संकेत दिए हैं कि जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।