

Twisha Sharma Death Case Bhopal: राजधानी भोपाल में एक हाईप्रोफाइल परिवार से जुड़ा संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा की मौत हो गई है। ससुराल पक्ष इस घटना को आत्महत्या बता रहा है, जबकि मृतका के भाई का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा था। मामला कटारा हिल्स थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक ट्विशा की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और वह गर्भवती भी थी।
जानकारी के मुताबिक ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की निवासी थीं। करीब एक साल पहले उनकी शादी पूर्व जज के वकील बेटे सामर्थ से हुई थी। बुधवार, 13 मई को उनका शव संदिग्ध हालात में मिला। ससुराल पक्ष का कहना है कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसका पति लगातार उसे प्रताड़ित करता था। परिवार का आरोप है कि ट्विशा के हाथ और कान के पास चोट के नीले निशान भी मिले हैं। वहीं मृतका का भाई भारतीय सेना में मेजर पद पर पदस्थ है। मृतका के भाई हर्षित शर्मा ने पुलिस को बताया कि पिछले सप्ताह ट्विशा ने उनसे बातचीत के दौरान अपनी मानसिक स्थिति को लेकर चिंता जताई थी।
मृतका के भाई ने बताया कि ट्विशा ने कहा था कि वह लगातार परेशान है और अब ज्यादा कुछ सहन नहीं कर पा रही। मोबाइल पर हुई बातचीत में ट्विशा ने आरोप लगाया था कि उसका पति पिछले कई दिनों से उसे प्रताड़ित कर रहा था और छोटी-छोटी बातों पर उसका अपमान किया जाता था। ट्विशा राजधानी भोपाल छोड़कर अपने मायके नोएडा लौटना चाहती थी। इसके लिए उसने ट्रेन का रिजर्वेशन भी करा लिया था लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत की खबर परिवार तक पहुंच गई।
हर्षित शर्मा ने आरोप लगाया कि शादी के शुरुआती समय तो सब कुछ ठीक था, नौकरी छोड़ने के बाद से ही द्विशा के साथ ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। इसके अलावा विवाद की एक अहम वजह ट्विशा की अनप्लांड प्रेग्रेंसी को भी बताया जा रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट की मानें तो ट्विशा के परिवार का दावा है कि ट्विशा उस समय बच्चे के लिए तैयार नहीं थी लेकिन ससुराल पक्ष उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था। परिजन ने आरोप लगाया कि उसका पति ताने मारता था और कहता था कि बच्चा मेरा नहीं है, इसलिए तुम उसे गिराना चाहती हो। परिवार का कहना है कि इन्हीं कारणों की वजह से ट्विशा अंदर से टूट गई थी।