

CM Mohan Yadav Condolence Statement: भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या का मामला सामने आया है। उनका शव घर के अंदर मिला। प्रारंभिक जांच में उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित आवास में रहते थे। घर के अंदर ही उनका शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या की गई। पुलिस फिलहाल वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर हत्या की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच की जा रही है। भोपाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किस परिस्थिति में हुई और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी राकेश अग्रवाल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने उन्हें विनम्र और कर्मठ अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को मामले की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिखा कि राज्य सरकार मामले को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और दोषियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिवार को इस गहन दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।