

Rakesh Agrawal Murder Case CCTV Evidence: भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में 1982 बैच के 70 वर्षीय रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या का संदिग्ध आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार बीना रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिया है।
जानकारी सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच और जोन-1 पुलिस की टीमें बीना पहुंच गई हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में स्टेशन और आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वरुण कुमार को राकेश अग्रवाल के घर पर केयरटेकर के तौर पर करीब तीन दिन पहले ही रखा गया था। हत्या के बाद से वह अपने सामान और बैग के साथ फरार है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी तीन दिन पहले बैग लेकर बीना पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज में उसके दिखाई देने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी होने के बाद ही हत्या की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
राकेश अग्रवाल की उनके सूरजनगर स्थित घर में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे उनकी पत्नी ने कमरे में उनका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और संदिग्ध केयरटेकर की तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आ सकती हैं।
मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राकेश अग्रवाल के निधन पर दुख जताते हुए उन्हें विनम्र और कर्मठ अधिकारी बताया। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को मामले की सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की। पुलिस अब आरोपी वरुण कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।