

Madhya Pradesh Weather : मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है। राज्य के ज्यादातर जिलों में पारा 40 के पार पहुंच गया है। इस बीच गुरुवार शाम को 15 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दी है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
गुरुवार को भोपाल, ग्वालियर, सतना, श्योपुर, टीकमगढ़, रायसेन, बालाघाट, छतरपुर, मुरैना, सागर, पन्ना, मैहर, उमरिया और रीवा में आंधी-बारिश तो कहीं ओलावृष्टि हुई। बारिश होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग ने आज भी राज्य के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक आज ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है।
विभाग का कहना है कि प्रदेश के कुछ जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा। इनमें भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रीवा, सतना, मैहर, पन्ना, कटनी, दमोह, जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।
मध्य प्रदेश में गुरुवार को अधिकतर तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया, जहां पारा 42.6 डिग्री पर पहुंच गया। इसके अलावा खंडवा में 42.5, बैतूल में 41.5, गुना में 41.1, भोपाल में 40.2, इंदौर में 40, रतलाम में 40.8, उज्जैन में 40 और छिंदवाड़ा में पारा 40.1 डिग्री पर पहुंच गया।