निर्णायक दौर में एमपी के डीजीपी चयन की प्रक्रिया।
पैनल ने फाइनल किया वरुण कपूर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन का नाम।
सीएम के विदेश दौरे से पहले फैसला होने की संभावना।
Madhya Pradesh DGP Panel: मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी की चयन प्रक्रिया अब निर्णायक दौर में है। इसके लिए आज दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग की बैठक भी हुई।
सूत्रों के मुताबिक तीन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पैनल में चुन लिए गए हैं। जिसमें उपेंद्र जैन, वरुण कपूर और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव का नाम शामिल है।
सरकार ने वरिष्ठता के आधार पर मध्य प्रदेश के टॉप सीनियर 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेजे थे जिसमें उपेंद्र जैन, वरुण कपूर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, जी अखेतो सेमा, पंकज श्रीवास्तव, आदर्श कटियार, अनिल कुमार, रवि गुप्ता, अनंत कुमार सिंह, मनमीत नारंग समेत राजाबाबू सिंह और डीपी गुप्ता का नाम शामिल था। हालांकी अब पैनल ने वरुण कपूर, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव और उपेंद्र जैन का नाम फाइनल कर लिया है। अब इन तीन अधिकारियों में से ही किसी एक को डीजीपी का पद मिलेगा।
दरअसल, ऐसा माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश को अगले दो दिन यानी 48 घंटे के अंदर ही नया डीजीपी मिल जाएगा। ऐसा इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि सीएम मोहन यादव ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए साउथ कोरिया जाएंगे उनकी यह यात्रा 23 नवंबर को है।
ऐसे में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सीएम मोहन यादव अपने विदेश दौरे से पहले ही नए पुलिस प्रमुख के नाम पर मुहर लगा देंगे। संघ लोक सेवा आयोग द्वारा भेजे जाने वाले तीन नामों के पैनल में से राज्य सरकार किसी एक अधिकारी को प्रदेश का नया डीजीपी नियुक्त करेगी, जिसकी औपचारिक घोषणा 22 नवंबर तक होने की पूरी संभावना है।