मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर महिला का दावा, कहा- 20 साल से रिश्ते में हूं, सांसद अनिता चौहान पर भी लगाए आरोप

Rashmi Nagar Singh Allegations: एमपी के मंत्री नागर सिंह चौहान पर महिला ने 20 साल से रिश्ते में होने का दावा किया। सांसद अनिता चौहान पर आरोप लगाए, मंत्री ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है।
Woman claims about MP minister Nagar Singh Chauhan
आरोप लगाने वाली महिला रश्मि और मंत्री नागर सिंह चौहानफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मध्य प्रदेश के मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर महिला ने वीडियो जारी कर किए दावे।

  • महिला ने 20 साल से रिश्ते में होने की बात कही।

  • सांसद अनिता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना और मैसेज भेजने के आरोप लगाए।

  • मंत्री ने महिला से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार की।

  • नागर सिंह चौहान ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।

Minister Nagar Singh Chauhan Controversy : मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान को लेकर एक महिला के वीडियो ने चर्चा शुरू कर दी है। महिला ने अपना नाम रश्मि नागर सिंह चौहान बताते हुए दावा किया कि वह पिछले 20 साल से मंत्री के साथ रिश्ते में है। उसने मंत्री की पत्नी और भाजपा सांसद अनिता चौहान पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वहीं, मंत्री ने महिला से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार करते हुए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। सांसद अनिता चौहान ने भी आरोपों से इनकार किया है।

वीडियो में महिला ने दावा किया कि जब वह 18 साल की थीं, तभी से नागर सिंह चौहान के साथ रिश्ते में हैं। उनका कहना है कि वह बिना किसी पारिवारिक या राजनीतिक दबाव के पूरे होश में अपनी बात रख रही हैं। रश्मि के मुताबिक, मंत्री ने उनके साथ रहने का वादा किया था और इसी भरोसे पर उन्होंने अपनी जिंदगी के 20 साल गुजारे।

अलग घर में रहने की कही बात

रश्मि ने दावा किया कि वह मंत्री के आधिकारिक आवास पर रहने के बजाय अलग घर में रहती थीं और मंत्री के कहे अनुसार काम करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रिश्ते के दौरान उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

सांसद अनिता चौहान पर मैसेज भेजने के आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि सांसद अनिता चौहान ने उन्हें और उनके बेटे को गलत संदेश भेजे। रश्मि का दावा है कि इन संदेशों से उनका बेटा इतना परेशान हुआ कि वह परीक्षा देने तक नहीं गया। हालांकि, महिला ने वीडियो में अपने बेटे के पिता के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि सांसद से उन्होंने संदेश के जरिए अपनी बात रखने की कोशिश की थी। रश्मि ने इस संबंध में वॉट्सऐप चैट भी शेयर की हैं।

आमना-सामना नहीं करने की बात कहने का दावा

रश्मि के मुताबिक, उन्होंने सांसद को संदेश भेजकर कहा था कि वह एक बड़े पद पर हैं, लेकिन सबसे पहले एक मां और पत्नी भी हैं, इसलिए उनकी बात सुननी चाहिए। महिला का दावा है कि इसके जवाब में उन्हें गलत संदेश मिले और सांसद ने भविष्य में आमना-सामना नहीं करने की बात कही।

whatsApp Chat And Letter
वॉट्सऐप चैट्स और मुख्यमंत्री को लिखा पत्रफोटो सोर्स- सोशल मीडिया

महिला ने मुख्यमंत्री को भी लिखा पत्र

रश्मि ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने सांसद अनिता चौहान पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है और मंत्री नागर सिंह के साथ रहने की इच्छा जताई है। उन्होंने अपने साथ किसी भी तरह की अनहोनी होने की स्थिति में सांसद अनिता को जिम्मेदार होने की बात लिखी है।

मंत्री को लेकर भी किया दावा

वीडियो में रश्मि ने दावा किया कि सांसद अनिता चौहान के व्यवहार से मंत्री नागर सिंह चौहान भी मानसिक रूप से परेशान रहते थे। महिला के मुताबिक, मंत्री उनसे कहते थे कि वह बहुत परेशान हो गए हैं और उन्हें किसी दिन पैरालिसिस हो सकता है।

30 अक्टूबर को मंत्री के घर जाने की बात

रश्मि ने कहा कि वह शुक्रवार, 30 अक्टूबर को मंत्री के घर जाने वाली हैं। उन्होंने आशंका जताई कि अगर वहां उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए अनिता चौहान और उनका परिवार जिम्मेदार होगा। महिला की इस चेतावनी के बाद मामला चर्चा में है।

Woman claims about MP minister Nagar Singh Chauhan
इंदौर में जीतू पटवारी के बयान में फिर झलका हार का दर्द; राऊ से दूरी बनाने की चर्चा तेज

नागर सिंह चौहान बोले- आरोप राजनीति से प्रेरित

रश्मि का वायरल वीडियो सामने आने के बाद मंत्री नागर सिंह चौहान ने अपनी सफाई में महिला के साथ लंबे समय से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। दूसरी ओर, सांसद अनिता चौहान ने कहा कि उन्होंने महिला के साथ कुछ गलत नहीं किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com