महिला आयोग की जनसुनवाई में पहुंचे मासूम बच्चे, कहा- पड़ोसन से है पापा का अफेयर, मम्मी को करते हैं प्रताड़ित

Family Dispute Case : मध्य प्रदेश महिला आयोग की जनसुनवाई में दो नाबालिग बच्चों ने पिता पर गंभीर आरोप लगाए। बच्चों ने पड़ोस की महिला से संबंध और मां को प्रताड़ित करने की शिकायत की।
MP Women Commission Hearing
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- AI)
Published on
Updated on

MP Women Commission Hearing: मध्य प्रदेश राज्य महिला आयोग की भोपाल में हुई जनसुनवाई में एक भावुक मामला सामने आया। दो नाबालिग बच्चे अपनी मां के साथ हो रहे उत्पीड़न की शिकायत लेकर आयोग पहुंचे। बच्चों ने अपने पिता पर आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक शादीशुदा महिला से पिछले चार साल से संबंध हैं और इसका विरोध करने पर वह उनकी मां के साथ मारपीट करते हैं। बच्चों ने आयोग के सामने अपनी पारिवारिक परेशानी रखते हुए पिता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में बच्चों ने बताया कि लगातार घरेलू विवाद के कारण उनकी मां मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिता द्वारा मारपीट और प्रताड़ना के चलते उनकी मां डिप्रेशन में चली गईं और उन्होंने आत्महत्या की कोशिश भी की थी। वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है और वह मानसिक तनाव की दवाइयां ले रही हैं।

पहले पुलिस में भी की गई थी शिकायत

बच्चों ने महिला आयोग को बताया कि इस मामले की पहले पुलिस में शिकायत की गई थी। उस समय पिता ने शपथ पत्र देकर भविष्य में ऐसा दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया था। हालांकि, बच्चों का आरोप है कि इसके बाद भी पिता का संबंधित महिला से संपर्क जारी है।

महिला के भी शादीशुदा होने का दावा

शिकायत में बच्चों ने यह भी आरोप लगाया कि जिस महिला से उनके पिता के संबंध होने की बात कही जा रही है, वह भी शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। बच्चों के अनुसार, वह महिला आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में काम करती है और उनके पिता के संपर्क में रहती है। उन्होंने महिला द्वारा पिता से पैसे लेने और वापस नहीं करने का भी आरोप लगाया।

फैक्ट्री हादसे में मुआवजे का मामला भी पहुंचा आयोग

महिला आयोग की जनसुनवाई में एक अन्य मामला फैक्ट्री हादसे में कर्मचारी की मौत के बाद उसकी पत्नी को मुआवजा नहीं मिलने का सामने आया। आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी को अगली सुनवाई में हर हाल में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने सुनीं शिकायतें, आगे होगी कार्रवाई

महिला आयोग की जनसुनवाई में घरेलू विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न और आर्थिक सहायता से जुड़े कई मामले सामने आए। आयोग ने शिकायतों को सुनते हुए संबंधित पक्षों से जानकारी मांगी है और नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com