Bhopal News: सामान के साथ एयरपोर्ट के लिए निकले कांग्रेस विधायक, 10 दिन तक रहेंगे MP से दूर
Bengaluru Shift Congress MLAs: राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने विधायकों को राज्य से बाहर भेजने की रणनीति अपनाई है। कई विधायक सामान के साथ भोपाल एयरपोर्ट की ओर रवाना हो गए हैं।
- Reported By: शिवम दत्त तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
भोपाल एयरपोर्ट रवाना होती विधायकों की गाड़ियां (फोटो सोर्स- नवभारत)
MP Rajya Sabha Election Congress MLAs Strategy: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे सियासी रणनीतियां भी बदलती नजर आ रही हैं। इसी क्रम में कांग्रेस अपने विधायकों को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतती दिख रही है।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस ने अपने विधायकों को राज्य से बाहर शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। कई विधायक अपने-अपने आवासों से सामान के साथ निकलते और भोपाल एयरपोर्ट की ओर रवाना होते देखे गए। पार्टी स्तर पर विधायकों को अगले कुछ दिनों के लिए राज्य से बाहर रहने के निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है।
10 दिन तक MP से रहेंगे दूर
राज्यसभा चुनाव के बीच कांग्रेस विधायकों को बेंगलुरु भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही कुछ विधायकों को यह भी बताया गया है कि उन्हें लगभग 10 दिनों तक विभिन्न स्थानों की यात्रा पर रहना होगा। कुछ विधायकों को तिरुपति बालाजी दर्शन कार्यक्रम में शामिल किए जाने की चर्चा भी सामने आई है।
सम्बंधित ख़बरें
Jabalpur News: नाम बदलकर लड़कियों को फंसाने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, बेंगलुरु से लाया गया जबलपुर
गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर बड़वानी में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी
राज्यसभा चुनाव पर गरमाई सियासत: जीतू पटवारी का भाजपा पर हमला, बोले- ‘अलीबाबा और 40 चोर की सरकार’
पन्ना सुसाइड केस: कॉलेज टॉपर छात्रा की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार, वीडियो और सुसाइड नोट बने जांच का आधार
पार्टी में टूट की संभावना नहीं
नवभारत से हुई बातचीत में कांग्रेस के कई विधायकों ने स्वीकार किया कि उन्हें पार्टी नेतृत्व की ओर से मध्य प्रदेश से बाहर रहने के निर्देश मिले हैं। हालांकि सभी विधायकों ने एकजुटता का दावा करते हुए किसी भी तरह की टूट या नाराजगी की संभावना से इनकार किया है।
कांग्रेस में सेंध लगाने की खबरों में आधार नहीं
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि पार्टी पूरी तरह संगठित है और सभी सदस्य कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस में सेंध लगाने की जो चर्चाएं चल रही हैं, उनका कोई आधार नहीं है।
ये भी पढ़ें : राज्यसभा चुनाव पर गरमाई सियासत: जीतू पटवारी का भाजपा पर हमला, बोले- ‘अलीबाबा और 40 चोर की सरकार’
कांग्रेस का रणनीतिक कदम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की यह कार्रवाई एक रणनीतिक कदम है, जिससे विधायकों की एकजुटता बनाए रखी जा सके। हालांकि, पार्टी की ओर से इस पूरे मामले पर अब तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल यह कदम मध्य प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है और चुनावी माहौल को और अधिक गर्मा रहा है।
