नॉमिनेशन करते तरुण और रजनीश (फोटो सोर्स- नवभारत) 
भोपाल

राज्यसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशियों ने दी संपत्ति की जानकारी, दोनों पर कोई आपराधिक मामला नहीं है दर्ज

MP Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ संपत्ति का ब्यौरा दिया है। तरुण चुघ के पास 22 करोड़ और रजनीश अग्रवाल के पास 96.71 लाख रुपये की संपत्ति है।

प्रीतेश जैन

MP Rajya Sabha BJP Candidates Assets: मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल करने के साथ अपनी चल-अचल संपत्तियों का ब्यौरा भी सार्वजनिक कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और भाजपा प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल द्वारा दाखिल शपथपत्रों के अनुसार दोनों नेताओं पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। हालांकि संपत्ति के मामले में दोनों नेताओं की आर्थिक स्थिति चर्चा का विषय बनी हुई है।

अमृतसर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र के निवासी तरुण चुघ ने अपने शपथपत्र में स्वयं और परिवार की कुल चल-अचल संपत्तियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया है। शपथपत्र के अनुसार उनके और परिवार के पास लगभग 22 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

तरुण और उनके परिवार के पास 22 करोड़ की संपत्ति

तरुण चुघ ने वर्ष 2012 में महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री प्राप्त की है। उनके नाम करीब 3.83 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 4.38 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। वहीं उनकी पत्नी राधिका चुघ के नाम लगभग 7 करोड़ रुपये की चल संपत्ति तथा 2.90 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज की गई है। आयकर रिटर्न के अनुसार वर्ष 2024-25 में तरुण चुघ ने 36.97 लाख रुपये की वार्षिक आय घोषित की है, जबकि उनकी पत्नी की आय 73.77 लाख रुपये बताई गई है। शपथपत्र में पारिवारिक फर्मों की आय का भी उल्लेख किया गया है।

करोड़ों का ऋण भी दर्ज

तरुण चुघ पर 85.07 लाख रुपये का ऋण है, जबकि उनकी पत्नी पर 4.89 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी दर्ज है। इसके बावजूद परिवार के पास पर्याप्त निवेश और संपत्तियां मौजूद हैं। शपथपत्र के अनुसार उनके पास वर्ष 2019 मॉडल की टोयोटा इनोवा क्रिस्टा कार है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई गई है। परिवार के पास कुल 890 ग्राम सोना भी है। इसमें तरुण चुघ के पास 20 ग्राम, उनकी पत्नी के पास 210 ग्राम और एक आश्रित सदस्य के नाम 660 ग्राम स्वर्ण आभूषण दर्ज हैं।

निवेशों की भी दी जानकारी

तरुण चुघ ने विभिन्न व्यावसायिक और संस्थागत निवेशों का भी उल्लेख किया है। इनमें ओम कृपा एसोसिएट्स, पसोदा एलएलपी, विष्णु कृपा, इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल डेवलपमेंट, एचएसएल सिक्योरिटीज और केआरआरआइएसएच रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड जैसी संस्थाओं में निवेश शामिल है।

96.71 लाख की संपत्ति के मालिक हैं रजनीश अग्रवाल

भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी रजनीश अग्रवाल ने अपने शपथपत्र में कुल 96.71 लाख रुपये की चल एवं अचल संपत्ति घोषित की है। वे लंबे समय से व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और गैस एजेंसी का संचालन करते हैं। शपथपत्र के अनुसार उनके नाम लगभग 59.59 लाख रुपये की चल संपत्ति दर्ज है। उनकी पत्नी गरिमा विजयवर्गीय के नाम 32.12 लाख रुपये की चल संपत्ति है, जबकि आश्रित पुत्र ज्योतिर्मन अग्रवाल के नाम 5 लाख रुपये की संपत्ति दर्ज की गई है।

ज्यादातर संपत्ति व्यावसायिक

रजनीश अग्रवाल की अधिकांश संपत्ति अचल संपत्तियों, व्यावसायिक निवेशों और कारोबारी परिसंपत्तियों के रूप में दर्ज है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों द्वारा दाखिल किए गए शपथपत्र अब निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गए हैं, जिनके माध्यम से मतदाताओं और राजनीतिक विश्लेषकों को उम्मीदवारों की आर्थिक और सामाजिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी मिलती है।

ईरान से रिश्तें न बिगाड़े प्रधानमंत्री, मोदी-पेजेशकियान मुलाकात पर बोले प्रमोद तिवारी, कहा- चीन से समझौता नहीं

BRICS Summit 2026 LIVE: थोड़ी देर में शुरू होगा ब्रिक्स शिखर सम्मेलन; संयुक्त घोषणापत्र पर सहमति बनी

BRICS Summit: जिनपिंग के साथ दो प्रभावशाली नेताओं की नई दिल्ली में मौजूदगी, कौन हैं काई ची और वांग यी?

BRICS 2026: इथियोपिया ने भारतीय माइनिंग कंपनियों के लिए खोले दरवाजे, मलेशिया संग सेमीकंडक्टर पर बनी बात

PM मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से की मुलाकात, व्यापार, रक्षा और डिजिटल सहयोग पर बड़ी चर्चा