

Highlights:
DGP कैलाश मकवाणा 30 नवंबर को होंगे रिटायर।
नए डीजीपी 1 दिसंबर से संभाल सकते हैं पदभार।
गृह विभाग ने सेवानिवृत्ति का आदेश जारी किया।
यूपीएससी को 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम भेजे गए।
वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम चर्चा में है।
MP DGP Kailash Makwana Retirement : मध्य प्रदेश में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की सेवानिवृत्ति की तारीख को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति अब समाप्त हो गई है। गृह विभाग ने उनका रिटायरमेंट 30 नवंबर 2026 को तय करते हुए आदेश जारी कर दिया है। इसके साथ ही नए डीजीपी के लिए 1 दिसंबर से पदभार संभालने का रास्ता साफ हो गया है।
कैलाश मकवाणा ने 2 दिसंबर 2024 को डीजीपी का पद संभाला था। ऐसे में पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए उनका कार्यकाल दो दिसंबर 2026 तक रखने का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा था। डीजीपी के लिए दो साल के कार्यकाल की व्यवस्था के चलते उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख पर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी।
रिटायरमेंट की तारीख तय नहीं होने से मामला प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में आ गया था। इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव के स्तर पर भी अधिकारियों से विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद 30 नवंबर को ही मकवाणा की सेवानिवृत्ति तय करने के संकेत मिले। बुधवार को गृह विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।
मध्य प्रदेश सरकार नए पुलिस प्रमुख के चयन के लिए 12 आईपीएस अधिकारियों के नाम यूपीएससी को भेज चुकी है। आयोग इनमें से तीन अधिकारियों का पैनल तैयार कर राज्य सरकार को भेजेगा। इसी पैनल में शामिल नामों में से प्रदेश के अगले डीजीपी का चयन किया जाएगा।
मध्य प्रदेश डीजीपी की दौड़ में डीजी जेल वरुण कपूर, डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन और डीजी होमगार्ड प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नामों की चर्चा है। इनमें वरुण कपूर की दावेदारी को लेकर रिटायरमेंट की तारीख अहम मानी जा रही थी। नियमों के मुताबिक, डीजीपी नियुक्त किए जाने वाले अधिकारी की सेवानिवृत्ति में कम से कम छह महीने का समय शेष होना चाहिए।