Highlights :
भोपाल में भाजपा जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक आयोजित।
हर जिले से संगठनात्मक नियुक्तियों के लिए चार नामों का पैनल मांगा गया।
जिला प्रभारियों को हर महीने कामकाज की रिपोर्ट देने के निर्देश।
अनुशासनहीनता पर सख्ती, दो से चार दिन में अनुशासन समिति के गठन की जानकारी।
MP BJP Organizational Meeting : एमपी भाजपा में संगठन को मजबूत करने और खाली पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज करने के लिए बैठकों का दौर जारी है। संभाग प्रभारियों की बैठक के बाद बुधवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। इसमें संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ जिला स्तर पर खाली पदों पर नियुक्तियों, अनुशासन और कार्यालयों के हिसाब किताब को लेकर चर्चा हुई। बैठक में प्रत्येक जिले से चार चार नामों का पैनल तैयार कर देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला प्रभारियों से कहा गया कि वे अपने अपने जिलों से चार नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश संगठन को सौंपें। इसी पैनल के आधार पर कोर ग्रुप में चर्चा कर उन जिलों में संगठनात्मक नियुक्तियों पर विचार किया जाएगा जहां जिला अध्यक्ष के अलावा अन्य पद खाली हैं। जिला प्रभारियों को हर महीने अपने कामकाज की रिपोर्ट देने और नियमित रूप से कोर ग्रुप की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
पार्टी नेतृत्व ने संगठन के भीतर अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया। जिला प्रभारियों को स्पष्ट किया गया कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए अगले दो से चार दिनों में अनुशासन समिति का गठन किए जाने की जानकारी दी गई। बैठक में इस बात पर भी नाराजगी जताई गई कि कुछ जिलों में घटनाएं और विवाद होने के बावजूद प्रदेश संगठन को समय पर रिपोर्ट नहीं भेजी गई। जिला प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि किसी घटना की जानकारी देने के लिए भोपाल से जवाब मांगे जाने का इंतजार न करें बल्कि तत्काल प्रदेश संगठन को अवगत कराएं।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। प्रदेश मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोया ने इसे संगठन की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने और पार्टी के लिए बेहतर तरीके से काम करने का मार्गदर्शन दिया जाता है।
हेमंत खंडेलवाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश कार्यालय में ये बड़ी बैठक मुख्यमंत्री मोहन यादव की गैरमौजूदगी में आयोजित हुई। मुख्यमंत्री इस दौरान मंदसौर में कैबिनेट बैठक में शामिल थे। बैठक में सभी जिलों के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। वहीं, दोपहर चार बजे पार्टी के मीडिया विभाग की बैठक भी प्रस्तावित थी जिसमें मीडिया गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों को विस्तार देने पर चर्चा होनी थी।