भोपाल में अवैध रूप से रह रही उज्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार, हिरासत में बंगाली युवक

Uzbek Woman Arrested In Bhopal: भोपाल के शाहपुरा इलाके से पुलिस ने उज्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया है। महिला बिना वैध वीजा के पश्चिम बंगाल के युवक के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी।
Uzbek Woman Arrested In Bhopal
कॉन्सेप्ट इमेज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhopal News: राजधानी में अवैध रूप से रह रही एक विदेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शाहपुरा इलाके में किराए के मकान में रह रही यह महिला बिना वैध वीजा के भारत में रह रही थी। पुलिस ने इस मामले में पश्चिम बंगाल के एक युवक साजिद को भी हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, महिला उज्बेकिस्तान की रहने वाली है और उसकी पहचान बखरोमोवा निलोफर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसका वीजा करीब एक साल पहले ही समाप्त हो चुका था। वह साजिद के साथ फ्लैट में रह रही थी।

शिकायत के बाद हुआ खुलासा

पुलिस के मुताबिक त्रिलोचन नगर में रहने वाले मकान मालिक ने किराएदार साजिद हुसैन खान को फ्लैट खाली करने के लिए कहा था। इसी दौरान सोमवार को जब वह सामान लेकर बाहर निकल रहा था, तो पड़ोसियों को उस पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

साजिद के बुलावे पर भोपाल आई महिला

भोपाल पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि वह उज्बेकिस्तान की नागरिक है और पिछले कुछ समय से भारत में रह रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि वह करीब 8 से 10 दिन पहले पश्चिम बंगाल के युवक साजिद के बुलावे पर भोपाल आई थी। दस्तावेजों की जांच के बाद वीजा एक्सपायर होने की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।

कनेक्शन पता करने में जुटी पुलिस

पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला भारत में किस उद्देश्य से आई थी और उसके संपर्क किन लोगों से थे?

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com