मध्य प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र का दूसरा दिन: UCC विधेयक पर होगी चर्चा, कांग्रेस कर रही विरोध, हंगामे के आसार

Uniform Civil Code : मध्य प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता विधेयक पर चर्चा होगी। UCC को लेकर कांग्रेस विरोध में है, जबकि भाजपा समर्थन कर रही है। सदन में हंगामे के आसार हैं।
MP Assembly Monsoon Session
मध्य प्रदेश विधानसभा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MP Assembly Monsoon Session: मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन में आज समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक सहित करीब 14 विधेयकों पर चर्चा होगी। UCC को लेकर विधानसभा में हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। कांग्रेस विधायक इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार इसके समर्थन में है।

सत्र के पहले दिन सोमवार को जब समान नागरिक संहिता विधेयक को सदन के पटल पर रखा गया था, तब कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इसका विरोध किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि विधानसभा की कार्यसूची में यह बिल शामिल नहीं था तो अचानक इसे कैसे लाया गया। इस पर सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सहमति के बाद अनुपूरक कार्यसूची जारी की गई थी और सहमति वाले विधेयकों को ही सदन में पेश किया गया।

UCC समेत 14 विधेयकों पर होगी चर्चा

विधानसभा के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता विधेयक के अलावा अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों पर भी चर्चा होगी। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं भाजपा विधायक UCC को लेकर सरकार के कदम का समर्थन करेंगे। माना जा रहा है कि चर्चा के दौरान सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

ध्यानाकर्षण के जरिए उठेंगे किसानों और मजदूरों के मुद्दे

आज विधानसभा में नियम 138 (1) के तहत दो विधायक ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए जनहित से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। भाजपा विधायक अजय विश्नोई जबलपुर जिले के मझौली विकासखंड में किसानों को धान और गेहूं की खरीदी राशि का भुगतान नहीं होने का मामला उठाएंगे। वे खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री का ध्यान इस ओर आकर्षित करेंगे। वहीं कांग्रेस विधायक सोहनलाल बाल्मीक परासिया के ग्राम जमुनिया जेठू स्थित ग्रीन लाइट एसीसी ब्लॉक्स फैक्ट्री में हुए विस्फोट में घायल मजदूरों को मुआवजा नहीं मिलने का मुद्दा उठाएंगे और मुख्यमंत्री मोहन यादव का ध्यान इस मामले की ओर दिलाएंगे।

विधायक उठाएंगे स्थानीय समस्याओं से जुड़े मुद्दे

सदन में कई विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को भी उठाएंगे। विधायक यादवेंद्र सिंह संपत्ति की गाइडलाइन और रजिस्ट्री शुल्क में बढ़ोतरी का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग करेंगे। वहीं भगवानदास सबनानी भोपाल के वार्ड 47 में पेयजल और सीवेज लाइन की समस्या का मुद्दा उठाएंगे।

इन मुद्दों पर भी डालेंगे प्रकाश

इसके अलावा उमाकांत शर्मा सिरोंज सिविल अस्पताल में डायलिसिस और सोनोग्राफी मशीनों की सुविधा शुरू करने की मांग रखेंगे। विधायक अनिल जैन निवाड़ी में शासकीय विधि महाविद्यालय और राजेंद्र पांडेय रतलाम के जावरा में कृषि महाविद्यालय शुरू करने का मुद्दा उठाएंगे। वहीं बिसाहूलाल सिंह अनूपपुर जिले के आयुर्वेदिक औषधालयों के उन्नयन और नए भवन निर्माण की मांग करेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com