

CM Mohan Yadav Google Meet: मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मध्य प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस और तकनीकी नवाचार को लेकर एक उच्च स्तरीय रणनीतिक बैठक करेंगे। इस बैठक में गूगल क्लाउड की टीम के साथ राज्य में एआई आधारित डिजिटल परिवर्तन और स्मार्ट गवर्नेंस को गति देने पर विस्तृत चर्चा होगी।
यह बैठक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से आयोजित की जा रही है, जिसमें मध्यप्रदेश और गूगल के बीच दीर्घकालिक तकनीकी साझेदारी, उन्नत क्लाउड टेक्नोलॉजी और एआई आधारित समाधानों के उपयोग जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे।
बैठक में गूगल क्लाउड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ गूगल क्लाउड इंडिया के निदेशक (पब्लिक सेक्टर) आशीष वाट्टल और एपीएसी क्षेत्र के निदेशक (स्ट्रेटेजिक एंगेजमेंट्स) मदन ओबेरॉय सहित सिंगापुर से आए वैश्विक विशेषज्ञ और हेल्थकेयर एआई व डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से सिंहस्थ-2028 के तकनीक आधारित प्रबंधन, स्मार्ट भीड़ नियंत्रण, एआई आधारित स्मार्ट पुलिसिंग, डेटा आधारित निगरानी और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई आधारित रोग पहचान और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली, कृषि क्षेत्र में किसानों को डिजिटल सेवाओं की बेहतर पहुंच और शिक्षा क्षेत्र में एआई आधारित शिक्षण एवं कौशल विकास को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
सीएम मोहन यादव की मौजूदगी वाली इस बैठक में एआई स्किलिंग, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण में तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा प्रस्तावित है। राज्य सरकार का मानना है कि इस तरह की साझेदारी से मध्य प्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस को नई दिशा मिलेगी और जनता को सेवाएं और अधिक सरल व प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।