गर्मी से तप रहा मध्य प्रदेश: आज 45 जिलों में हीटवेव का अलर्ट, 28 मई से प्री-मानसून एक्टिविटी के संकेत

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में नौतपा की शुरुआत हल्की बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग ने आज 45 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। 28 मई से एमपी में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय होने लगेंगी।
Madhya Pradesh Heatwave Alert
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MP Heatwave Alert: मध्यप्रदेश में इस बार नौतपा की शुरुआत बदले हुए मौसम के साथ हुई है। प्रदेश के कई हिस्सों में जहां भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है, वहीं आंधी और बारिश ने भी मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय होने के संकेत हैं। इस दौरान उत्तर और दक्षिण मध्यप्रदेश के 14 जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने बताया है कि 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रहेगी। अगले चार दिनों तक ज्यादातर जिलों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा। मंगलवार को भोपाल, ग्वालियर समेत 45 जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रही, जबकि इंदौर और नर्मदापुरम संभाग में हल्की राहत के संकेत मिले हैं।

इन जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, गुना, नरसिंहपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, भिंड और दतिया जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

22 जिलों में यलो अलर्ट

भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, शहडोल, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और अनूपपुर में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

खजुराहो सबसे गर्म, पारा 47.2 डिग्री पहुंचा

सोमवार को छतरपुर जिले का खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां तापमान रिकॉर्ड 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नौगांव में 46.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। दतिया में 45.6, मंडला में 45.5, टीकमगढ़ में 45.3 और मलाजखंड में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 43.4, जबलपुर में 43.9, उज्जैन में 41.8 और इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

28 मई से बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 28 मई को ग्वालियर, चंबल, सागर और जबलपुर संभाग के जिलों में हल्की बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की संभावना है। जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com