

MP Weather Update: मध्यप्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसके चलते बुधवार को 28 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही कुछ जिलों में अब भी भीषण गर्मी पड़ रही है और पारा 40 के पार दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि शाम के समय मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा। हालांकि कुछ इलाकों में दिन के दौरान भी बारिश हो सकती है और तेज आंधी चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक ग्वालियर, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में बारिश भी संभावना है। साथ ही इन जिलों में आज 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है।
वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर में दिन के समय गर्मी का असर बना रहेगा।
प्रदेश में मंगलवार को लगातार पांचवें दिन भी मौसम खराब बना रहा। ग्वालियर, छतरपुर, धार, बड़वानी, डिंडौरी और बालाघाट सहित कई जिलों में सुबह से ही आंधी-बारिश होती रही, जबकि रात में भोपाल समेत कई शहरों में तेज हवाएं चलीं। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिली और लोगों को गर्मी से भी राहत मिली।
मंगलवार को सबसे ज्यादा तापमान खरगोन में 42°C दर्ज किया गया। वहीं खंडवा में 41.5°C और नरसिंहपुर में 41.4°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। प्रमुख शहरों की बात करें तो भोपाल में 37.2°C, इंदौर में 37.6°C, ग्वालियर में 34.7°C, उज्जैन में 38°C और जबलपुर में पारा 37°C रहा।
प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। ऐसे में जबलपुर, कटनी समेत अन्य जिलों में मौसम के चलते हुए हाल के हादसों को ध्यान में रखकर मौसम विभाग ने लोगों को तेज आंधी और बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।