लाड़ली बहनों के खाते में पहुंचे ₹1750, CM मोहन यादव ने रक्षाबंधन से पहले भेजा शगुन; कांग्रेस पर साधा निशाना

Ladli Behna Yojana 39 Installment: मध्य प्रदेश की बहनों के लिए रक्षाबंधन का बड़ा तोहफा, सीएम मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की किस्त की जारी; नियमित 1500 रुपये के साथ मिला 250 रुपये का विशेष शगुन।
Ladli Behna beneficiaries receive ₹1750 in bank accounts
लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी(प्रतीकात्मक इमेज- एआई जनरेटेड)
Updated on

CM Mohan Yadav Raksha Bandhan Gift: मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी कर दी है। इस बार रक्षाबंधन के विशेष अवसर को देखते हुए महिलाओं को नियमित राशि के साथ 250 रुपए अतिरिक्त दिए गए हैं।

योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1500 रुपए की राशि इस बार बढ़कर 1750 रुपए हो गई है। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की।

2148 करोड़ रुपए की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के तहत 1500 रुपए की नियमित राशि के लिए सरकार ने 1835.46 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए। वहीं रक्षाबंधन के शगुन के तौर पर 250 रुपए अतिरिक्त दिए गए, जिस पर 312.83 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च हुई। इस तरह मुख्यमंत्री ने कुल 2148 करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी। सरकार का दावा है कि इस आर्थिक सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतों के साथ-साथ अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।

CM मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब सरकार महिलाओं के खातों में लाड़ली बहना योजना की राशि डालती है, तब कांग्रेस इस योजना को लेकर सवाल उठाती है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने और कांग्रेस को सबक सिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार की धुरी मां होती है और महिलाएं त्याग की प्रतीक हैं। सरकार का प्रयास है कि बहनों की आय बढ़े और वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

पांच साल के लिए लाड़ली बहना योजना की राशि मंजूर

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने अगले पांच साल के लिए लाड़ली बहना योजना के लिए राशि स्वीकृत कर दी है। उन्होंने मैहर में 256 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में वनवासी राम लोक और मैहर में मां शारदा लोक के निर्माण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के लिए भी लगातार काम कर रही है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, नर्मदा का पानी विंध्य तक पहुंचाने और बिजली आपूर्ति में सुधार के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसान पर्व मनाने के साथ किसानों को हर जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पबद्ध है।

Navbharat Live
navbharatlive.com