UCC की बैठक पर शुरू हुई सियासत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उठाए कई सवाल, भाजपा सरकार को घेरा

MP Politics News : भोपाल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने UCC की बैठक को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आदिवासी परंपरा, घुसपैठ और गायब आदिवासी महिलाओं के मुद्दे भी उठाए।
Jitu Patwari UCC Statement
जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jitu Patwari UCC Statement: यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर मध्यप्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने UCC की बैठक को लेकर भाजपा सरकार और केंद्र सरकार पर कई सवाल उठाए हैं। भोपाल में मीडिया से चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि पहले गुजरात, उत्तराखंड और असम में UCC लागू किया गया है, ऐसे में कांग्रेस जानना चाहती है कि वहां इससे क्या फायदा हुआ है।

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा मध्यप्रदेश इन राज्यों से अलग है। यहां एक करोड़ से ज्यादा आदिवासी परिवार हैं, जो मूल निवासी हैं। इनकी अपनी परंपरा है। क्या यह उनके साथ कुठाराघात नहीं है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी अलग-अलग शिगूफा लाते हैं, लेकिन देश की असल समस्याओं पर काम जीरो बटे सन्नाटा है।

घुसपैठियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

घुसपैठियों के मुद्दे पर भी पटवारी ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा घुसपैठिये बाहर करेंगे, लेकिन अब तक क्या किया? जिनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं उन्हें बाहर करें, ऐसा किया क्या? जीतू पटवारी ने कहा कि लोगों को गुमराह किया जा रहा है और अपने दायित्व न निभाकर जनता का ध्यान दूसरी ओर भटकाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री से पूछे सवाल

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी सवाल उठाते हुए कहा सीएम मोहन यादव यहां के गृहमंत्री हैं, लेकिन उन आदिवासी बहनों के बारे में कुछ पता नहीं चला जो गायब हो गईं। 2 लाख 61 हजार आदिवासी महिलाएं और बच्चियां गायब हुईं, उनका कुछ पता नहीं लगा पाए। देश को दूसरी राह पर ले जाना है, ताकि लोग मूलभूत समस्याओं पर इनसे जवाब न मांगें। यह गुमराह करने की कोशिश है।

सकलेचा के विरोध पर भी दी प्रतिक्रिया

वहीं जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के वायरल वीडियो पर भी जीतू पटवारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह वीडियो एक डेमो है और अगर जनता के सवालों का जवाब नहीं दिया गया तो आगे और नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ सकता है। पटवारी ने कहा यह वीडियो डेमो है, आपके नेताओं के साथ यही होने वाला है।

जनता पकड़-पकड़ कर सवाल पूछेगी

पटवारी ने कहा कि अभी भी समय है आपके पास। अगर किसी नेता का सार्वजनिक अपमान होता है तो हर नेता का अपमान है। आखिर लोकव्यवहार में लोकतंत्र का स्थान नहीं बचा। उन्होंने आगे कहा नेता करप्ट हैं, इस भावना को बल मिल रहा है। जनता पकड़-पकड़ कर अब सवाल पूछेगी... बीजेपी विधायकों जागो।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com