नीमच: बंगरेड में लोकार्पण कार्यक्रम में हंगामा, भाजपा विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के विरोध में लगे चोर-चोर के नारे

Neemuch Politics News : नीमच के बंगरेड गांव में लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक ओमप्रकाश सकलेचा का ग्रामीणों ने विरोध किया। सड़क निर्माण और विकास कार्यों की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी हुई।
Protest Against Omprakash Saklecha
विधायक का विरोध करते ग्रामीण (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Protest Against Omprakash Saklecha: नीमच के जावद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंगरेड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान बड़ा राजनीतिक विवाद देखने को मिला। कार्यक्रम में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा को ग्रामीणों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। लंबे समय से सड़क निर्माण और विकास कार्यों की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने विधायक को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ और विधायक कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने लगे, तभी बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्हें चारों ओर से घेर लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की सड़कें वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।

ग्रामीणों ने लगाए चोर-चोर के नारे

विरोध के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब ग्रामीणों ने “चोर-चोर” के नारे लगाने शुरू कर दिए। कई लोगों ने चुनाव के समय वोट मांगने और बाद में समस्याओं की अनदेखी करने का मुद्दा भी उठाया। इस पर ग्रामीणों और विधायक के बीच तीखी बहस भी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान भाजपा विधायक द्वारा कथित तौर पर यह कहा गया कि “तुम्हें वोट देना हो तो देना”, जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया और नारेबाजी तेज हो गई। इस पूरे घटनाक्रम ने कार्यक्रम स्थल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण कर दिया।

सुरक्षाकर्मियों और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की

घटना के दौरान मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा बलों ने हस्तक्षेप करते हुए विधायक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को लेकर शिकायतें कीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विरोध फूट पड़ा।

वायरल हो रहा वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब यह सवाल उठ रहा है कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों और सड़क निर्माण की मांग आखिर कब पूरी होगी और जनता की नाराजगी कब शांत होगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com