'BJP राज में एमपी बना नशे का सुरक्षित ठिकाना', जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना; CM मोहन यादव से मांगा जवाब

Jitu Patwari Raised Question: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का डॉ. मोहन यादव सरकार पर बड़ा हमला, अलीराजपुर शराब तस्करी और मऊगंज ड्रग्स फैक्ट्री मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
Jitu Patwari alleges Madhya Pradesh has become a safe haven for drugs under BJP rule
जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Jitu Patwari Target BJP Government: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में लगातार सामने आ रहे शराब तस्करी और ड्रग्स के बड़े मामलों को भाजपा सरकार की कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जवाब मांगा है।

जीतू पटवारी ने कहा कि हाल ही में आलीराजपुर जिले के जोबट क्षेत्र में कूरियर कंपनी के दो कंटेनरों से करीब ₹2 करोड़ मूल्य की 2,004 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि एक कंटेनर से 930 पेटी और दूसरे से 1,074 पेटी शराब बरामद की गई, जिसे ड्राई स्टेट गुजरात भेजा जा रहा था। इस मामले में देवास के दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन यह केवल इस विशाल नेटवर्क की एक छोटी कड़ी है।

'ड्रग्स माफिया बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं'

जीतू पटवारी ने कहा कि यह घटना अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि भोपाल, मंदसौर के बाद अब मऊगंज में करोड़ों रुपये की ड्रग्स फैक्ट्री पकड़े जाने का मामला सामने आ गया। यह साबित करता है कि मध्य प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और इसकी जड़ें बेहद गहरी हो चुकी हैं। शराब माफिया हों या ड्रग्स माफिया, दोनों ही बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं।

यह कोई सामान्य अपराथ नहीं है- जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं, बल्कि संगठित अपराध का बड़ा नेटवर्क है। सवाल यह है कि आखिर करोड़ों रुपये की अवैध शराब प्रदेश की सड़कों पर खुलेआम कैसे दौड़ रही थी? करोड़ों की ड्रग्स फैक्ट्री किसके संरक्षण में संचालित हो रही थी? क्या सत्ता के संरक्षण और प्रशासनिक मिलीभगत के बिना इतना बड़ा अवैध कारोबार संभव है?

एमपी माफियाओं का गढ़ बनता जा रहा है- जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के दो दशक के शासन में मध्य प्रदेश अपराध और माफियाओं का गढ़ बनता जा रहा है। शराब माफिया, ड्रग्स माफिया, रेत माफिया और भू-माफिया लगातार मजबूत हुए हैं। कानून का भय समाप्त हो चुका है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। आज प्रदेश का युवा नशे की गिरफ्त में जा रहा है, लेकिन सरकार केवल प्रचार और झूठे दावों में व्यस्त है।

गुजरात तक अवैध शराब पहुंचाने के लगाए आरोप

जीतू पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुशासन की बातें करते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि उनके शासन में मध्य प्रदेश शराब और ड्रग्स तस्करों के लिए सुरक्षित कॉरिडोर बन गया है। एक ओर ड्राई स्टेट गुजरात तक अवैध शराब पहुंचाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के भीतर करोड़ों रुपये का ड्रग्स कारोबार फल-फूल रहा है। यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।

शराब तस्करी मामले में उच्चस्तरीय जांच की उठाई मांग

जीतू पटवारी ने मांग की कि आलीराजपुर शराब तस्करी और मऊगंज ड्रग्स फैक्ट्री दोनों मामलों की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। केवल छोटे आरोपियों की गिरफ्तारी से सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। पूरे नेटवर्क के सरगनाओं, आर्थिक मददगारों, संरक्षण देने वाले अधिकारियों और राजनीतिक संरक्षकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

अंत में जीतू पटवारी ने कहा कि जब शराब माफिया को मिले भाजपा का साथ, तो फिर उन्हें डरने की क्या बात? उन्होंने आगे कहा कि जहां-जहां भाजपा, वहां-वहां शराब और ड्रग्स माफिया, साथ ही पटवारी ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश को नशे का अड्डा नहीं बनने देंगे, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

https://youtu.be/oeDcEuol6Ko?si=CyaglN5wo-xs6mGp

Navbharat Live
navbharatlive.com