जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को लिखी चिट्ठी, लाड़ली बहना की राशि बढ़ाने और त्योहारी राहत पैकेज की मांग

Jitu Patwari on Ladli Behna Yojana:जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को पत्र लिखकर किसानों को 48 घंटे में MSP भुगतान, छोटे व्यापारियों को ब्याज फ्री कर्ज और लाड़ली बहना की राशि बढ़ाने समेत कई सुझाव दिए हैं।
jitu patwari and mohan yadav
जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव को लिखा पत्रफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र।

  • किसानों को 48 घंटे में MSP भुगतान की मांग।

  • छोटे व्यापारियों के लिए ब्याज मुक्त ऋण का सुझाव।

  • लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने की मांग।

Jitu Patwari Letter to CM Mohan Yadav : मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दीपावली और धनतेरस के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश के किसानों, छोटे व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं के लिए आर्थिक राहत से जुड़े सुझाव दिए हैं।

पटवारी ने कहा कि त्योहार के समय प्रदेश के हर वर्ग को आर्थिक खुशहाली मिले, इसके लिए सरकार को कुछ व्यावहारिक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने विरोध के बजाय जनहित से जुड़े समाधान सरकार के सामने रखने की बात कही है।

किसानों को 48 घंटे में भुगतान की मांग

जीतू पटवारी ने किसानों के लिए 'समृद्ध फसल, सुरक्षित भुगतान' नीति लागू करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन और धान सहित किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य और घोषित बोनस समय पर मिलना चाहिए। इसके लिए क्रय केंद्रों पर भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

छोटे व्यापारियों के लिए ब्याज मुक्त कर्ज

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने त्योहारी राहत पैकेज के तहत छोटे दुकानदारों, कुम्हारों, हस्तशिल्पियों और एमएसएमई इकाइयों को आसान शर्तों पर ब्याज मुक्त ऋण या विशेष अनुदान देने का सुझाव दिया है। साथ ही घरेलू उपयोग की वस्तुओं और एलपीजी पर स्थानीय करों में राहत देने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे बाजारों में मंदी का असर कम करने में मदद मिल सकती है।

लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाने और रोजगार कैलेंडर की मांग

पटवारी ने लाड़ली बहनों को मिलने वाली सहायता राशि में समय पर वृद्धि और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं की लंबित सरकारी भर्तियां समयसीमा में पूरी कराने और रोजगार कैलेंडर सख्ती से लागू करने का सुझाव दिया है।

jitu patwari letter
जीतू पटवारी का पत्रफोटो सोर्स- सोशल मीडिया

कुम्हारों को 10 हजार रुपये की सहायता

पत्र में पटवारी ने दीपावली के लिए दीये बनाने वाले पारंपरिक कुम्हारों और माटी कला बोर्ड से जुड़े कारीगरों को 10 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में भेजने की मांग की है। इसके अलावा छोटे दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों पर लेट फीस और सरचार्ज माफ करने का सुझाव भी दिया है।

मनरेगा मजदूरी और लोक कलाकारों के लिए पैकेज

कांग्रेस अध्यक्ष ने ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत बकाया मजदूरी का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों का पलायन रोका जा सके। उन्होंने प्रदेश के लोक कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों के लिए विशेष त्योहारी प्रोत्साहन पैकेज घोषित करने का सुझाव भी दिया है।

jitu patwari and mohan yadav
भोपाल में कचरे के बाद अब पानी का संकट! सफाईकर्मियों के समर्थन में उतरे जलप्रदाय समेत 13 हजार कर्मचारी

बोले- उद्देश्य कमियां गिनाना नहीं, समाधान देना है

जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे पत्र में कहा कि विपक्ष का उद्देश्य केवल सरकार की कमियां गिनाना नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और खुशहाल बनाने में सहयोग करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन सुझावों पर सकारात्मक इच्छाशक्ति के साथ विचार कर जरूरी कदम उठाने की अपील की है।