टेक-ऑफ से ठीक पहले रनवे पर अचानक रुकी मुंबई-भोपाल इंडिगो फ्लाइट, 201 यात्रियों को लगा तगड़ा झटका, मचा हड़कंप

IndiGo Flight News: मुंबई से भोपाल आ रही इंडिगो फ्लाइट को टेक-ऑफ से ठीक पहले तकनीकी संकेत मिलने पर रोक दिया गया। जांच के बाद विमान ने दोबारा उड़ान भरी और सभी यात्री सुरक्षित भोपाल पहुंचे।
IndiGo Mumbai Bhopal Flight Technical Glitch
इंडिगो विमान (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IndiGo Mumbai Bhopal Flight Technical Glitch: मुंबई से भोपाल आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को टेक-ऑफ के अंतिम चरण में तकनीकी संकेत मिलने के बाद रोक दिया गया। विमान रनवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रहा था और कुछ ही क्षणों में उड़ान भरने वाला था, तभी पायलट को सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तत्काल टेक-ऑफ निरस्त कर विमान को रोक दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से विमान में सवार यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, इंडिगो का एयरबस A-321 नियो विमान दोपहर करीब 3:50 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भोपाल के लिए रवाना होने वाला था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अनुमति मिलने के बाद विमान ने रनवे पर गति पकड़ ली थी। इसी दौरान कॉकपिट में तकनीकी समस्या का संकेत मिला, जिसके बाद पायलट ने एहतियातन विमान को रोकने का फैसला लिया।

यात्रियों को लगा जोरदार झटका

विमान के अचानक रुकने से यात्रियों को जोरदार झटका महसूस हुआ। कई यात्रियों ने इस घटना को तनावपूर्ण बताया। यात्रियों ने कहा कि रनवे पर तेज गति के दौरान विमान का अचानक रुकना बेहद असामान्य अनुभव था, जिससे कुछ समय के लिए सभी यात्रियों में हड़कंप मच गया।

की गई विमान की जांच

घटना के बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया, जहां इंजीनियरों की टीम ने उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की। विमान में हज यात्रा से लौट रहे लगभग 25 यात्री भी सवार थे। भोपाल एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में परिजन मौजूद थे, जिन्हें निर्धारित समय से काफी अधिक इंतजार करना पड़ा।

1 घंटे बाद दी गई यात्रियों को जानकारी

करीब एक घंटे बाद इंडिगो एयरलाइन की ओर से यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी गई। सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान ने शाम 6:26 बजे दोबारा उड़ान भरी। इसके बाद फ्लाइट रात करीब 7:40 बजे सुरक्षित रूप से भोपाल पहुंच गई।

एयरलाइन ने संभावित खतरे को टाला

हालांकि इंडिगो की ओर से तकनीकी खराबी की प्रकृति के बारे में कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, टेक-ऑफ के अंतिम क्षणों में उड़ान रोकना सामान्य स्थिति नहीं होती, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह एक आवश्यक और सतर्क कदम माना जाता है। एयरलाइन की त्वरित कार्रवाई से संभावित जोखिम को टाल दिया गया और सभी यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com