Highlights :
MP के 21 जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी।
छिंदवाड़ा, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, बैतूल समेत कई जिलों में बारिश की संभावना।
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं।
पचमढ़ी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड।
Madhya Pradesh Weather News : एमपी में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मानसून की विदाई के बाद भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। बुधवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 21 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं राजधानी भोपाल में मौसम साफ रहने और दिन में तेज धूप खिलने का अनुमान है। शाम होते ही तापमान में गिरावट से गुलाबी ठंड का अहसास हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, इंदौर, शाजापुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, राजगढ़, गुना, आगर-मालवा और मंदसौर में मौसम बदल सकता है। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक और वज्रपात के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
राजधानी भोपाल में मौसम साफ रहने की संभावना है। दिन के समय अच्छी धूप खिलने से गर्मी का अहसास होगा जबकि शाम होते ही तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को हल्की ठंडक महसूस होगी। भोपाल के आसपास स्थित सीहोर, विदिशा, रायसेन और सागर में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है।
बारिश के साथ प्रभावित जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बदलते मौसम के बीच गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूप और कुछ जगहों पर बारिश होने से मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक इस समय एमपी के मौसम को दो प्रणालियां प्रभावित कर रही हैं। इनमें दक्षिण-पश्चिम अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र और पंजाब-हिमाचल प्रदेश के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ शामिल हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश के मध्य-पश्चिमी हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और कुछ जिलों में बारिश की स्थिति बन रही है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रतलाम में दर्ज किया गया जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के मध्य-पश्चिमी हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रह सकता है। ऐसे में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।