

Bhopal News: राजधानी भोपाल में आज से बड़े स्तर पर हाउस होल्ड सर्वे की शुरुआत हो रही है। इस सर्वे के तहत शहर के करीब 8.36 लाख मकानों का डिजिटल तरीके से डाटा संग्रह किया जाएगा। सर्वे टीम घर-घर जाकर नागरिकों से जानकारी इकट्ठा करेगी, जिसमें 33 सवालों के जवाब डिजिटल माध्यम से दर्ज किए जाएंगे।
इस व्यापक अभियान के लिए कुल 4184 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर सर्वे का काम पूरा करेंगे। योजना के अनुसार एक महीने के अंदर करीब 800 मकानों की मैपिंग का लक्ष्य तय किया गया है, ताकि डेटा संग्रहण तेजी और सटीकता के साथ पूरा हो सके।
प्रशासन ने इस सर्वे को 20 मई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। साथ ही कार्य में तेजी और निगरानी बनाए रखने के लिए जिलास्तरीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे। कर्मचारी घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एकत्र करेंगे। शहर को 200-200 घरों के ब्लॉक में बांटा गया है, और 4 हजार से अधिक कर्मचारी सर्वे में लगे हैं। सर्वे के दौरान मकान की स्थिति, परिवार, सुविधाएं और संपत्तियों से जुड़े 33 सवाल पूछे जाएंगे। यह एक मौखिक सर्वे होगा, जिसके लिए किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है
प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल सर्वे के जरिए शहर की जनसंख्या, संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी सटीक जानकारी उपलब्ध होगी, जिससे भविष्य की योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकेगा।