

एमपी की राजनीति में हलचल, विपक्ष की महारैली से पहले बीजेपी में बैठक।
राजस्थान के नतीजों से सबक लेकर मध्य प्रदेश में बदलती बीजेपी की रणनीति।
हेमंत खंडेलवाल और अमित शाह की मुलाकात ने दी सियासी चिंगारी को हवा।
Navbharat Live Expaliner MP Politics: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 12 दिसंबर को विपक्ष के इंडिया गठबंधन की महारैली प्रस्तावित है, ऐसे में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का विदेश दौरा स्थगित होना सियासी चर्चा का विषय बन गया है और इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के चाणक्य से अमित शाह से मुलाकात ने प्रदेश की सियासी राजनीति को और भी दिलचस्प बना दिया है।
अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या एमपी में विपक्ष की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए बीजेपी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। नवभारत लाइव के स्टेट हेड सुधीर दंडोतिया ने इन घटनाओं के राजनीतिक मायनों को अच्छे से समझाए हैं।
स्टेट हेड सुधीर दंडोतिया ने बताया कि अगर इन सभी सियासी घटनाक्रमों को समझना है तो सबसे पहले राजस्थान में हाल ही में हुए पंचायत चुनाव के परिणामों पर नजर डालनी होगी। दंडोतिया ने साफ कहा कि राजस्थान में जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी को ग्रामीण निकाय चुनावों में कांग्रेस से पीछे रहना पड़ा है, उससे बीजेपी को ये समझ आ सकता है कि अब राजनीतिक और संगठनात्मक लेवल पर ढिलाई की कोई भी गुंजाइश नहीं है।
स्टेट हेड सुधीर दंडोतिया के अनुसार, मध्य प्रदेश में भी मौजूदा राजनीतिक स्थितियों को देखें तो बीजेपी के विरोध माहौल बनता साफ दिखाई दे रहा है और अगर ऐसे में विपक्ष एकजुट होकर सक्रियता दिखाता है। तो ये भाजपा के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
सुधीर दंडोतिया ने यह भी साफ कहा कि विपक्षी इंडिया गठबंधन की प्रस्तावित रैली को व्यापक राजनीतिक नजरिए में देखने की जरूरत है। संभव है कि विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन को काउंटर करने और संगठन को सक्रिय रखने की रणनीति के चलते ही बीजेपी नेतृत्व ने दिल्ली में केंद्रीय लेवल पर चर्चा की हो। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अमित शाह से मुलाकात और मुख्यमंत्री के विदेश दौरे का स्थगित होना इसी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच चर्चा में है।
दरअसल, हेमंत खंडेलवाल और अमित शाह की मुलाकात को भाजपा ने सौजन्य भेंट बताया है, वहीं दूसरी तरफ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इस मुलाकात के बाद प्रदेश बीजेपी संगठन के खाली पदों पर नियुक्तियों का सिलसिला भी शुरू हुआ है।
राजधानी भोपाल में प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की रैली का सबसे प्रमुख मुद्दा एसआईआर रहेगा, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए वोट रक्षक अभियान को भी आगे बढ़ाएगी। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव सहित गठबंधन के बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य बताया है।