मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीएम हाउस और BJP कार्यालय में फहराया तिरंगा, शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीदों को किया नमन

CM Mohan Yadav Flag Hoisting : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री निवास और भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया। शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया।
CM Mohan Yadav hoists the national flag
सीएम मोहन यादव ने फहराया तिरंगा(फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Independence Day : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास परिसर में ध्वजारोहण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री सचिवालय और मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा कर्मियों और निवास के सभी कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी सुरक्षा में तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करते हुए प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों की जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा महत्वपूर्ण है और उनके योगदान की सराहना की जानी चाहिए।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी फहराया तिरंगा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसके बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर ध्वजारोहण किया और राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति संकल्प दोहराते हुए कहा कि देश और प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

शौर्य स्मारक पहुंचकर शहीदों को किया नमन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक भी पहुंचे। यहां उन्होंने देश के वीर सपूतों की शहादत को नमन किया। लास्ट पोस्ट की धुन के बीच मुख्यमंत्री ने शहीद स्तंभ पर पुष्प चक्र अर्पित किया। इसके बाद उन्होंने शौर्य स्मारक परिसर में स्थापित भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास का जिक्र

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे युवा देश भारत और मध्य प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए मजबूत नेतृत्व के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास और राष्ट्र निर्माण को लेकर सरकार के संकल्प को भी दोहराया।

CM Mohan Yadav hoists the national flag
CM डॉ. मोहन यादव का प्रदेश के नाम संदेश; कहा- आपसी सहयोग से निरंतर होगा प्रदेश का विकास

लोकतंत्र में राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी लोकतंत्र तभी सुरक्षित रहता है, जब देश के बड़े राजनीतिक दल अपने-अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि जनसंघ के समय से ही भाजपा जनता और राष्ट्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और भारत को विश्व में सक्षम बनाने के लिए संगठन हर मुद्दे पर संकल्पित है। अंत में उन्होंने सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com