

BJP Pradesh Karyasamiti Meeting : बुंदेलखंड की धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित दो दिवसीय भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन संगठन, सुशासन और विकसित मध्यप्रदेश के विजन पर मंथन हुआ। बैठक के बाद भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि कार्यसमिति से प्रदेश के साथ ही बुंदेलखंड के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का दिल जीतना और विकास का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना है।
राहुल कोठारी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संगठनात्मक मुद्दों के साथ सुशासन, समृद्धि, सांस्कृतिक गौरव और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने वाली है। बैठक में महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों के कल्याण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विभिन्न सुझाव रखे गए।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए विकास का मतलब केवल बड़े प्रोजेक्ट और निर्माण कार्य नहीं है। पार्टी की सोच समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और विकास का लाभ पहुंचाने की है। राहुल कोठारी ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
राहुल कोठारी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस महत्वपूर्ण परियोजना का विरोध किया और विकास की बजाय राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी। वहीं पूर्व विधायक एवं पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भाजपा में गुटबाजी और बदलाव को लेकर चल रही चर्चाओं को काल्पनिक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है और अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।
बैठक और कार्यशाला का अगला चरण सोमवार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। इसमें भाजपा संगठन के कार्यों को समाज के बीच पहुंचाने के साथ पार्टी के सेवा, संगठन और सामाजिक अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने पर भी चर्चा होगी।
कार्यसमिति के समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे। इस दौरान संगठन को और मजबूत करने, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री नारायण सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के 350 से अधिक नेता शामिल हुए। ओरछा में आयोजित इस बैठक को भाजपा के संगठनात्मक और राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।