

MP Teacher Vacancy Increase Demand: मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती 2025 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों का आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। शुक्रवार को प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने भोपाल के नीलम पार्क में धरना शुरू किया। प्रदर्शनकारी वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से वे सरकार और प्रशासन के सामने अपनी मांग रख रहे हैं। कई बार ज्ञापन और प्रदर्शन के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं, लेकिन अब तक ऐसा कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया, जिससे उन्हें राहत मिल सके। इससे अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रदर्शनकारियों के मुताबिक शिक्षक भर्ती में घोषित पदों की संख्या जरूरत के मुकाबले काफी कम है। अभ्यर्थी वर्ग-2 में पद बढ़ाने के साथ वर्ग-3 प्राथमिक शिक्षक भर्ती में 25 हजार पद किए जाने की मांग पहले भी उठा चुके हैं। साथ ही दोनों भर्तियों में दूसरी काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग भी की जा रही है।
पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से अलग-अलग चरणों में आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले भी राजधानी भोपाल में डीपीआई और अन्य विभागीय कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किए जा चुके हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि लगातार आंदोलन और ज्ञापन के बाद भी उनकी मांगों पर निर्णायक कार्रवाई नहीं हुई है।
अब नीलम पार्क में धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि सरकार ने जल्द पदवृद्धि को लेकर ठोस फैसला नहीं लिया तो वे भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों में सरकार के प्रति नाराजगी साफ नजर आई। एक शिक्षक ने चेतावनी देते हुए कहा कि “हमने सरकार को बनाया है, हम मिटा भी सकते हैं।” उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगामी चुनाव में सरकार को इसका परिणाम भुगतना पड़ सकता है। फिलहाल नीलम पार्क में शिक्षक अभ्यर्थियों का धरना जारी है और सरकार की ओर से पदवृद्धि को लेकर किसी ठोस निर्णय का इंतजार किया जा रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा होने की संभावना है।