

Highlights:
राजधानी भोपाल के VIP रोड पर लिटिल एंजेल स्कूल की बस हुई हादसे का शिकार।
कोहेफिजा चौराहे के पास डिवाइडर और रेलिंग पर चढ़ी स्कूली बस।
बस हादसे में स्कूली बच्चे और टीचर के घायल होने की खबर।
कुछ बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की भी है सूचना।
बस ड्राइवर पर नशे की हालत में होने की खबर।
Bhopal School Bus Accident : राजधानी भोपाल के VIP रोड स्थित कोहेफिजा चौराहे के पास शनिवार को लिटिल एंजेल स्कूल की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर और रेलिंग पर चढ़ गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बेकाबू होने से पहले बस ने दो मोटरसाइकिलों और दो कारों को भी टक्कर मारी। हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि बस में सवार करीब 20 से 30 अन्य बच्चों और एक शिक्षिका को मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों को तत्काल इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य बच्चों और शिक्षिका को मामूली चोटें लगी हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
बस हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूल बस कोहेफिजा चौराहे के पास अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर और रेलिंग से टकराने से पहले बस ने सड़क पर चल रही दो मोटरसाइकिलों और दो कारों को टक्कर मारी। इसके बाद बस डिवाइडर और रेलिंग पर चढ़ गई। हादसे में वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
राजधानी भोपाल में हुए इस हादसे को लेकर शुरुआती जानकारी में बस चालक के कथित तौर पर नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चालक की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर हादसे के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा भी देखने को मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और दुर्घटनाग्रस्त बस के आसपास यातायात नियंत्रित कराया। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।