

भोपाल के SAM कॉलेज में गरबा उत्सव के दौरान विवाद, मारपीट का वीडियो वायरल।
बजरंग दल ने फिल्मी गानों और बाहरी युवकों की मौजूदगी पर जताई आपत्ति।
बिलखिरिया थाने में शिकायत, कॉलेज फैकल्टी पर बाउंसर बुलाने की धमकी का आरोप।
VHP ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की, पुलिस मामले की जांच में जुटी।
Bhopal SAM College Garba Event Controversy: राजधानी भोपाल के सेम कॉलेज (SAM College) में आयोजित गरबा उत्सव के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बजरंग दल के कार्यकर्ता एक युवक को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मामले में बजरंग दल की ओर से भोपाल के बिलखिरिया थाने में शिकायती आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के मध्य भारत प्रांत मंत्री जितेंद्र चौहान ने कहा कि नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजन धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा पर्व है। ऐसे पवित्र कार्यक्रमों में फिल्मी, फूहड़ या अश्लील गानों का बजना बिल्कुल अनुचित है। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम में ऐसे बाहरी तत्वों को प्रवेश दिया गया, जो कॉलेज के विद्यार्थी भी नहीं थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
जितेंद्र चौहान ने बताया कि स्थानीय छात्रों से सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वायरल वीडियो में जिस युवक की पिटाई की जा रही है, वह बजरंग दल का कार्यकर्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि युवक की पिटाई और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ हुई कथित मारपीट दो अलग-अलग घटनाक्रम हैं, जिनकी गहनता से पुलिस जांच आवश्यक है।
राजधानी भोपाल के बजरंग दल प्रमुख पुष्पराज यादव द्वारा बिलखिरिया थाना प्रभारी को सौंपे गए शिकायत आवेदन के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे उन्हें सेम कॉलेज के गरबा में फिल्मी गानों पर डांस होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वे अपने साथी शिवम कुशवाह (मां कंकाली प्रखंड मंत्री) और यश द्विवेदी (जिला संयोजक) के साथ मौके पर पहुंचे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आयोजन में मुस्लिम समुदाय के युवक मौजूद थे। कार्यकर्ताओं द्वारा फिल्मी गाने बंद कराने और आपत्ति जताने पर वहां मौजूद युवकों ने उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की।
शिकायतकर्ता ने कॉलेज फैकल्टी के नीरज गुप्ता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन में कहा गया है कि फैकल्टी ने संबंधित युवकों का पक्ष लिया और बाउंसर बुलाकर कार्यकर्ताओं को बाहर निकलवाने की धमकी दी। पुलिस को दिए गए आवेदन में समीर आलम समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बजरंग दल नेता जितेंद्र चौहान ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में मनोरंजन के नाम पर होने वाले गरबा आयोजनों में धार्मिक आस्था और परंपराओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों से फिल्मी गानों के बजाय पारंपरिक गरबा और धार्मिक गीतों का इस्तेमाल करने तथा प्रवेश व्यवस्था पर ध्यान दे , जितेंद्र चौहान जी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सभी स्कूल, कॉलेज और गरबा आयोजक यह सुनिश्चित करें कि धार्मिक भावनाओं और मर्यादाओं का सम्मान बना रहे। यदि कहीं भी हिंदू आस्था का अपमान, अनुचित व्यवहार या व्यवस्था की अनदेखी पाई गई, तो विहिप एवं बजरंग दल प्रशासन के माध्यम से कठोर कानूनी कार्रवाई करवाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध लोकतांत्रिक व सामाजिक स्तर पर कड़ा प्रतिकार किया जाएगा।