

Bhopal Retired IAS Rakesh Agrawal Murder : भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की घर के अंदर गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर में मिला है। प्रारंभिक जांच में गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरजनगर स्थित घर में रहते थे। घर के अंदर उनका शव मिला। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस का शक घर में काम करने वाले एक नौकर पर है। बताया जा रहा है कि राकेश अग्रवाल ने करीब दो दिन पहले ही उसे काम पर रखा था। वारदात के बाद से नौकर गायब है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कमिश्नर संजय कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस घर के अंदर और आसपास मौजूद साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय घर में कौन-कौन मौजूद था और संदिग्ध नौकर घटना के बाद किस दिशा में गया।
भोपाल पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान के लिए घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, एफएसएल जांच और सीसीटीवी फुटेज को आधार बना रही है। फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच संदिग्ध नौकर के आसपास केंद्रित है। मामले में आगे की स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।