

Bhopal Patwa Market Waterlogging: भारत टॉकीज क्षेत्र स्थित ब्रिज के नीचे बना पटवा मार्केट एक बार फिर बारिश की मार झेल रहा है। बीती शाम और सोमवार को हुई बारिश के बाद मार्केट की कई दुकानों में पानी भर गया। दुकानों के अंदर पानी घुसने के वीडियो भी सामने आए हैं। अचानक पानी भरने से दुकानदारों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।
दुकानदारों का कहना है कि बारिश के दौरान कुछ ही देर में पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच गया। इससे दुकानों में रखा कीमती सामान पानी में डूब गया। दुकानदार पानी निकालने के साथ-साथ सामान को सुरक्षित जगह पहुंचाने में जुटे रहे। उनका आरोप है कि हर बारिश में उन्हें इसी तरह नुकसान का सामना करना पड़ता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
राजधानी भोपाल के पटवा मार्केट में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। कुछ ही दिनों पहले बारिश के बाद नवभारत लाइव की टीम ने मार्केट की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाते हुए दुकानदारों की परेशानी प्रशासन तक पहुंचाई थी। इसके बाद स्थानीय पार्षद भी मौके पर पहुंचे थे और जल्द ही समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया था। हालांकि, इसके बावजूद सोमवार को हुई बारिश ने एक बार फिर व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में दुकानों के अंदर पानी पहुंचने से दुकानदारों में नाराजगी है।
दुकानदारों का कहना है कि हर बार बारिश के बाद नुकसान उठाने के बाद सिर्फ आश्वासन मिलता है। यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुधार किए जाएं तो बार-बार होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है।
अब सवाल यह है कि पहले मामला सामने आने और स्थानीय स्तर पर जल्द सुधार का भरोसा दिए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस क्यों बनी हुई है? दुकानदारों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस बार सिर्फ आश्वासन देने के बजाय पटवा मार्केट में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करेगा।