राजधानी भोपाल में पार्किंग विवाद बना खूनी संघर्ष, किसान की रिवॉल्वर छीनकर मारी गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार
Bhopal Crime News: मिसरोद थाना क्षेत्र में पार्किंग विवाद के दौरान 3 युवकों ने किसान की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनकर उसी पर गोली चला दी। घायल किसान का इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
- Reported By: शिवम दत्त तिवारी | Edited By: प्रीतेश जैन
कॉन्सेप्ट इमेज (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Bhopal Parking Dispute Firing : राजधानी भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सड़क पर खड़ी थार गाड़ी हटाने के लिए हॉर्न बजाना एक किसान को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले किसान से मारपीट की और फिर उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीनकर उसी पर गोली चला दी। गोली किसान के पैर को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने के बाद घायल किसान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार गोली पैर को चीरते हुए निकल गई है। हालांकि घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गाड़ी हटाने को लेकर हुआ विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसान अपनी गाड़ी से जा रहा था। रास्ते में एक थार वाहन खड़ा था, जिसे हटाने के लिए उसने हॉर्न बजाया। इसी बात पर तीन युवक भड़क गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने किसान की लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली और उसी हथियार से उस पर फायरिंग कर दी।
सम्बंधित ख़बरें
दतिया उपचुनाव: मां पीतांबरा के दरबार में पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह, नामांकन से पहले लिया आशीर्वाद
दतिया उपचुनाव: आज भाजपा-कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशी भरेंगे पर्चा
सागर में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, आरोपी बोला- मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता
यशवंतपुर-बीकानेर एक्सप्रेस में लाखों की लूट, 74 मिनट खड़ी रही ट्रेन, सोलापुर के तडवाल स्टेशन पर खौफनाक वारदात
3 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मिसरोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें : सागर में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर, आरोपी बोला- मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता
कई धाराओं में मामला दर्ज
भोपाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, हथियार छीनकर फायरिंग करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फायरिंग के कारणों व घटनाक्रम की विस्तार से पड़ताल की जा रही है। राजधानी में पार्किंग को लेकर हुई इस वारदात ने एक बार फिर सड़क पर होने वाले छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस लोगों से संयम बरतने और विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील कर रही है।
