

Bhopal Ecological Park Murder Case : राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र स्थित इकोलॉजिकल पार्क में हुई हत्या के मामले में गिरफ्तार युवक से पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाली जानकारियां मिली हैं। आरोपी की करतूतें सुनकर पुलिस भी हैरान है। आरोपी ने न केवल हत्या की बात स्वीकार की है, बल्कि अपने अतीत और अपराध करने के तरीके के बारे में भी बड़े खुलासे किए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि साल 2018 में जेल से रिहाई के बाद से ही वह घर छोड़कर सड़कों पर रहने लगा था। बेघर होने के कारण वह कहीं भी और कभी भी सो जाता था। इसी दौरान उसने अपराध की दुनिया में अपने पैर जमा लिए।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि अब तक वह 100 पुरुषों और 15 महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बना चुका है। उसका शिकार करने का तरीका बेहद शातिर था—वह मुख्य रूप से सड़क पर सोने वाले बेसहारा लोगों को अपना निशाना बनाता था। उन्हें शराब पिलाकर विश्वास में लेता था और फिर अपनी हवस का शिकार बनाता था। आरोपी का कहना था कि वह जानबूझकर ऐसे लोगों को चुनता था ताकि यदि वे पुलिस में शिकायत करें, तो उन पर कोई यकीन न करे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार जांच कर रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और चैट रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि उसके संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान की जा सके। अब तक की जांच में किसी महिला के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस हर पहलू पर बारीकी से काम कर रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एचआईवी (HIV) पॉजिटिव है। वह पहले भी मिसरोद थाने के एक मामले में 2022-2023 के दौरान जेल जा चुका है, जहां मेडिकल जांच में उसके पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह मानसिक विकृति के चलते या किसी गहरी साजिश के तहत जानबूझकर इस बीमारी को दूसरों में फैला रहा था।
आरोपी की वर्तमान पुलिस रिमांड 30 जून को समाप्त हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए तथ्यों की पुष्टि और अन्य पीड़ितों की तलाश के लिए उसे दोबारा रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही, उसके परिवार और दोस्तों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उसके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।