

Bhopal Farmers Protest : मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का आंदोलन बुधवार को और तेज होने जा रहा है। राजधानी भोपाल के होशंगाबाद रोड स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास सैकड़ों किसान पिछले दो दिनों से डेरा डाले हुए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान महापंचायत के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में बुधवार को प्रदेश के 55 जिलों से हजारों किसानों और बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने का दावा किया गया है। किसान संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि 100 प्रतिशत मूंग खरीदी के आदेश जारी होने तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।
किसान महापंचायत के प्रदेश अध्यक्ष राजेश धाकड़ ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के 19 संगठनों का प्रतिनिधिमंडल मंत्रालय में कृषि मंत्री से मिला था। बैठक में किसानों ने 100 प्रतिशत मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था समाप्त करने की मांग रखी। कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद निर्णय लेने की बात कही। देर रात अधिकारियों के साथ हुई बैठक में किसानों को बताया गया कि मुख्यमंत्री ने निर्णय के लिए पांच दिन का समय मांगा है।
राजेश धाकड़ ने कहा कि किसानों ने सरकार से आग्रह किया है कि अभी मूंग खरीदी के आदेश जारी कर दिए जाएं, भले ही मूंग की तौल 10 दिन बाद हो जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब तक किसी निर्णायक स्थिति में नहीं पहुंची है।
किसान नेताओं का कहना है कि बुधवार को प्रदेश के 55 जिलों से बड़ी संख्या में किसान भोपाल पहुंचेंगे। आंदोलन स्थल पर किसानों की संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है। राजेश धाकड़ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से किसानों की मूंग खरीदी लगातार होती रही है, लेकिन इस बार केवल 25 प्रतिशत खरीदी का लक्ष्य तय किया गया है। उनका दावा है कि अभी तक केवल 2 प्रतिशत किसानों की ही मूंग खरीदी हुई है।
आंदोलन से जुड़े एक अन्य किसान प्रतिनिधि ने दावा किया कि इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी आंदोलन में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि किसान परिवारों की महिलाएं भी अपनी मांगों को लेकर राजधानी पहुंच रही हैं। हालांकि उन्होंने आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार से निवेदन किया जाएगा कि किसानों की मांगें जल्द स्वीकार की जाएं, ताकि किसान खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए अपने गांव लौट सकें।