भोपाल में दिल्ली जैसा नजारा:किसानों के लिए युवाओं ने किया भोजन-पानी का इंतजाम, सड़क पर मच्छरदानी में सोए किसान

Bhopal Farmers News : भोपाल में 100% मूंग खरीदी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों को स्थानीय युवाओं का समर्थन मिला। युवाओं ने भोजन, चाय और पानी की व्यवस्था कर आंदोलनकारियों का हौसला बढ़ाया।
Bhopal Farmers Protest Support
किसानों का प्रदर्शन (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Bhopal Farmers Protest Support: राजधानी भोपाल में 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर चल रहे किसानों के आंदोलन के दौरान दिल्ली में हो चुके किसान आंदोलन और जेन Z प्रोटेस्ट जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। किसानों के आंदोलन को स्थानीय लोगों और युवाओं का भी समर्थन मिलने लगा है। होशंगाबाद रोड स्थित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास डेरा डाले किसानों के बीच मंगलवार रात कई युवा मदद के लिए पहुंचे। किसी ने किसानों के लिए पुड़ी-सब्जी की व्यवस्था की तो कुछ युवकों ने मौके पर ही चाय बनाकर आंदोलनकारियों को पिलाई। इस दौरान युवाओं ने किसानों का हौसला बढ़ाते हुए उनकी मांगों का समर्थन भी किया।

आंदोलनकारी किसानों ने साफ कर दिया कि जब तक सरकार 100 प्रतिशत मूंग खरीदी का आदेश जारी नहीं करती, तब तक वे आंदोलन स्थल नहीं छोड़ेंगे। देर रात तक किसान सड़क किनारे डटे रहे और आराम के लिए मच्छरदानियां लगाकर वहीं सो गए। आंदोलन स्थल पर किसानों ने अस्थायी डेरा बना लिया है, जहां वे दिन-रात अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं।

युवाओं ने संभाली सेवा की जिम्मेदारी

किसान आंदोलन के दौरान स्थानीय युवाओं ने किसानों के लिए भोजन और चाय की व्यवस्था की। कई युवक स्वयं भोजन लेकर पहुंचे और किसानों को पुड़ी-सब्जी वितरित की। वहीं कुछ युवाओं ने मौके पर ही चूल्हा जलाकर चाय बनाई और आंदोलन में शामिल किसानों को पिलाई। इससे देर रात तक आंदोलन स्थल पर सेवा और सहयोग का माहौल देखने को मिला।

अकोदिया से आए युवाओं ने पिलाया पानी

आंदोलन में शामिल किसानों की सुविधा के लिए अकोदिया से आए कुछ युवा पानी की व्यवस्था करते भी नजर आए। उन्होंने किसानों को पीने का पानी उपलब्ध कराया और उनकी अन्य जरूरतों में भी सहयोग किया। किसानों ने युवाओं के इस सहयोग के लिए उनका आभार जताया।

आज और बढ़ सकती है भीड़

किसान नेताओं का दावा है कि बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं भोपाल पहुंचेंगी। ऐसे में आंदोलन स्थल पर भीड़ और बढ़ने की संभावना है। फिलहाल किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।

https://youtube.com/shorts/ZjbpKFf3SJw?si=SYVm8idjKNgRaq1d

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com