भोपाल: 12 साल की मासूम की निर्मम हत्या, भड़का जनाक्रोश; भीड़ ने बैरागढ़ थाने का घेराव कर घुसने का किया प्रयास

Bhopal Minor Girl Murder Case: भोपाल के बैरागढ़ में 12 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या पर भारी जन आक्रोश, थाने का घेराव। आरोपी गिरफ्तार, फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई।
Crowd attempts to enter Bairagarh police station after minor girl's murder
भोपाल में मासूम की निर्मम हत्या के बाद भड़का जनाक्रोश(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS:

  • भोपाल में 12 साल की बच्ची की हत्या से भड़का जनआक्रोश

  • बैरागढ़ थाने का घेराव, आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग

  • पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और जहर देने के संकेत

  • 23 वर्षीय संदिग्ध हिरासत में, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई का आश्वासन

Public Outrage After Minor Girl Murder In Bhopal: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में 12 वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के बाद क्षेत्र में भारी जन आक्रोश फैल गया है। शनिवार को घटना से गुस्साए परिजनों, स्थानीय निवासियों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बैरागढ़ थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

आक्रोशित भीड़ ने थाने के अंदर घुसने की कोशिश करते हुए आरोपी को फांसी देने और उसे भीड़ के हवाले करने की मांग की। स्थिति को बेकाबू होते देख प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और थाने के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए हैं।

खंडहर में मिला था बच्ची का शव

घटना बैरागढ़ इलाके के कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर की है। जानकारी के अनुसार, 12 साल की मासूम गुरुवार रात घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की तलाश के बाद शुक्रवार को बच्ची का शव खंडहर में मिला, जिसके बाद से ही इलाके में तनाव और विरोध प्रदर्शन का माहौल बना हुआ है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खौफनाक खुलासे

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए बच्ची का शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट में दिल दहला देने वाले तथ्य सामने आए हैं:

  • बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ पाया गया।

  • सामने के दो दांत टूटे हुए थे और शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे।

  • रिपोर्ट में प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़, गला घोंटने और जहर दिए जाने की बात सामने आई है।

सीसीटीवी से पकड़ा गया संदिग्ध, कबूला जुर्म

घटना की जांच में जुटी पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर एक 23 वर्षीय संदिग्ध युवक मोबिन को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई का आश्वासन

थाने के बाहर लगातार बढ़ रहे तनाव और भीड़ के आक्रोश को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। मध्य प्रदेश पुलिस के अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को लगातार समझाइश दी जा रही है कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। फिलहाल पूरे बैरागढ़ इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com