राष्ट्रीय टीम में एंट्री के सिर्फ 37 दिन बाद प्रमोशन; जानिए आशीष अग्रवाल को भाजपा ने क्यों सौंपी बड़ी कमान

Ashish Agrawal Big Responsibility: आशीष अग्रवाल की बड़ी छलांग, BJP ने राष्ट्रीय टीम में प्रवेश के महज 37 दिनों के भीतर सह-संयोजक से पदोन्नत कर राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया।
Ashish Agrawal BJP national team promotion
आशीष अग्रवाल(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BJP Assigns Big Responsibility To Ashish Agrawal: ग्वालियर से भारतीय जनता पार्टी संगठन में शुरू हुआ आशीष अग्रवाल का सफर अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है।

खास बात यह है कि राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के महज 37 दिन बाद ही उन्हें सह-संयोजक से बढ़ाकर संयोजक बनाया गया है। इससे पहले वह मध्य प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

बैंकिंग सेक्टर से भाजपा संगठन तक का सफर

आशीष अग्रवाल ने भाजपा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने से पहले बैंकिंग सेक्टर में काम किया। वर्ष 2003 से 2010 तक उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक और उसके समूह में अलग-अलग पदों पर सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2010 से वह ग्वालियर में भाजपा संगठन की गतिविधियों से जुड़ गए। लगातार संगठन के साथ काम करने के बाद वर्ष 2017 में उन्हें भाजपा मध्य प्रदेश के मीडिया पैनल में शामिल किया गया। इसके बाद वर्ष 2021 में उन्हें प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिली। करीब दो साल बाद 29 अप्रैल 2023 को आशीष अग्रवाल को मध्य प्रदेश भाजपा का प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में आशीष अग्रवाल ने काफी अहम भूमिका निभाई और मैनेजमेंट का सटीक उदाहरण पेश किया।

17 अगस्त को राष्ट्रीय टीम में मिली एंट्री

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने 17 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय टीम में नियुक्तियां की थीं। इस दौरान आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक बनाया गया था। उनके साथ प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को भी सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली थी। उस समय राष्ट्रीय मीडिया संयोजक का पद अनिल बलूनी के पास था। इसके बाद 23 सितंबर को भाजपा ने राष्ट्रीय मीडिया विभाग में बदलाव किया और आशीष अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी। इस तरह राष्ट्रीय टीम में एंट्री के सिर्फ 37 दिन बाद उनकी भूमिका में बदलाव हुआ।

Ashish Agrawal BJP national team promotion
सागर: बंडा शराबकांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, SP ने बताया कैसे हुई पुलिस और आरोपियों की मुठभेड़

कौन हैं आशीष अग्रवाल?

ग्वालियर निवासी आशीष अग्रवाल ने जीवाजी विश्वविद्यालय से बीकॉम और एमए (सोशल वर्क एंड एक्सटेंशन एजुकेशन) किया है। इसके बाद उन्होंने चेन्नई के ग्रेट लेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए किया। संगठनात्मक गतिविधियों के अलावा वह ग्वालियर में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे हैं। उनके परिवार की करीब 125 वर्ष पुरानी व्यावसायिक विरासत बताई जाती है।

अब राष्ट्रीय मीडिया संवाद की जिम्मेदारी

मध्य प्रदेश भाजपा में लंबे समय तक मीडिया से जुड़े कामकाज को संभालने के बाद अब आशीष अग्रवाल की जिम्मेदारी का दायरा राष्ट्रीय हो गया है। राष्ट्रीय मीडिया संयोजक के तौर पर पार्टी के मीडिया संवाद, राष्ट्रीय मुद्दों पर संगठन का आधिकारिक पक्ष रखने और मीडिया संस्थानों के साथ समन्वय से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका रहेगी। उनके संगठनात्मक सफर में 2026 का यह बदलाव एक महत्वपूर्ण नया पड़ाव है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com