MP Weather Update: 34.2 इंच बारिश, सामान्य से 2.3 इंच पीछे मध्य प्रदेश, अगले 4 दिन भारी वर्षा का अलर्ट

MP Weather News : मध्य प्रदेश में अब तक 34.2 इंच बारिश हुई, जो सामान्य से 2.3 इंच कम है। अगले 4 दिन कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। 25-26 सितंबर को अति भारी बारिश के आसार हैं।
Madhya Pradesh Weather News
एमपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्टफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

MP Heavy Rain Alert : मध्य प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक औसत 34.2 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश का 91.5% है और प्रदेश अभी ‘सामान्य से कम’ बारिश की कैटेगरी में है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 869.3 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 927.5 मिमी यानी 36.5 इंच होनी चाहिए थी। इस तरह प्रदेश में सामान्य से करीब 2.3 इंच कम बारिश हुई है।

बारिश के आंकड़ों में अगले कुछ दिनों में सुधार की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ अवदाब एक महत्वपूर्ण मौसमी सिस्टम के रूप में उभर रहा है। इसके मजबूत होने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

आज छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सागर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया और आसपास के जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।

25-26 सितंबर को भारी से अति भारी बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ने वाले सिस्टम के साथ नमी का परिवहन, वायुमंडलीय परिसंचरण और अन्य मौसमी परिस्थितियां मध्य भारत में बारिश को प्रभावित करेंगी। 23 और 24 सितंबर को कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 25 और 26 सितंबर को कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने के आसार हैं। यह बारिश प्रदेश के मौजूदा आंकड़ों में सुधार कर सकती है।

33 जिलों में हुई तेज बारिश

इससे पहले सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के 33 जिलों में तेज बारिश रिकॉर्ड की गई। इनमें भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आलीराजपुर, शाजापुर, देवास, खंडवा, रीवा, सिंगरौली, सीधी, सतना, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, नर्मदापुरम और बैतूल शामिल हैं। सागर के देवरी में सबसे ज्यादा 2.4 इंच बारिश हुई। प्रदेश के 100 से ज्यादा शहरों और कस्बों में बारिश रिकॉर्ड की गई।

पूर्वी हिस्से में कमी घटी, पश्चिम में ज्यादा अंतर

प्रदेश के पूर्वी हिस्से में औसत से करीब 2% कम बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में यह कमी करीब 10% है। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में 5% से 22% तक कम बारिश दर्ज की गई है। पिछले एक सप्ताह में पूर्वी हिस्से के आंकड़ों में सुधार हुआ है।

Madhya Pradesh Weather News
भोपाल मास्टर प्लान: 21 साल बाद नए ड्राफ्ट के प्रकाशन का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी

23 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 23 जिलों में अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी शामिल हैं। अब 26 सितंबर तक होने वाली बारिश पर प्रदेश के कुल बारिश के आंकड़े की नजर रहेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com