

Balaghat Micro Irrigation Project Fire: बालाघाट जिले में जल संसाधन विभाग की महत्वाकांक्षी माइक्रो इरिगेशन लिफ्ट परियोजना के तहत प्रतापपुर क्षेत्र के राघोटोला स्थित पंप हाउस में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही समय में पूरे पंप हाउस को अपनी चपेट में ले लिया और करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लगभग एक किलोमीटर दूर से ही धुएं का घना गुबार और आग की लपटें स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर लामता पुलिस और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पंप हाउस में रखे पाइप, तकनीकी उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री जलकर खाक हो चुकी थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में निर्माण एजेंसी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि आग लगने से पहले मौके पर पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद भी हुआ था, जिसके बाद आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, प्रशासन ने अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी परसवाड़ा सहित लामता और परसवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बालाघाट पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है, जिसमें आगजनी की वजह और किसी संभावित साजिश की आशंका भी शामिल है।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।