अनूपपुर में EOW का बड़ा एक्शन, 30 हजार की रिश्वत लेते PHE के कार्यपालन यंत्री ट्रैप; जानें पूरा मामला
EOW Raid Big Action: एमपी के अनूपपुर में EOW की बड़ी कार्रवाई; पीएचई के प्रभारी EE अमित कुमार साह ₹30 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, बिल क्लियर करने की एवज में मांगी थी रिश्वत।
- Reported By: दीपक ताम्रकार | Edited By: सजल रघुवंशी
अनूपपुर में EOW का बड़ा एक्शन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Anuppur EOW Raid PHE Engineer: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के प्रभारी कार्यपालन यंत्री अमित कुमार साह को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रीवा ईओडब्ल्यू की टीम ने एक ठेकेदार की शिकायत के आधार पर की। गिरफ्तारी के बाद अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और उनकी संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
ईओडब्ल्यू की उप पुलिस अधीक्षक प्रभा किरण ने बताया कि 10 जून को रीवा निवासी ठेकेदार रामाश्रय यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि प्रभारी कार्यपालन यंत्री अमित कुमार साह अंतिम देयक राशि, सिक्योरिटी डिपॉजिट और एफडीआर जारी करने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
2020-21 में नल कनेक्शन से संबंधित कार्यों का दिया था ठेका
पीएचई विभाग ने कोरोना काल 2020-21 में आरजीए कंस्ट्रक्शन कंपनी को पाइपलाइन बिछाने और नल कनेक्शन से संबंधित कार्यों का ठेका दिया था। कार्य पूरा होने के बाद करीब 14 लाख रुपए का भुगतान, 7 लाख रुपए की सिक्योरिटी डिपॉजिट और 4 लाख रुपए की एफडीआर जारी होना बाकी था।
सम्बंधित ख़बरें
सीहोर: आष्टा के शंकर विहार में बिना अनुमति अवैध कॉलोनी काटने की आशंका; तहसीलदार ने दिए सख्त जांच के निर्देश
खरगोन दंगा 2022: सभी 11 आरोपी बरी, जयराम रमेश ने बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए कड़े सवाल; मुआवजे की मांग
दतिया को जल्द मिल सकता है नया जिला अध्यक्ष; घनश्याम पिनोरिया और आशुतोष तिवारी का नाम रेस में आगे
ग्वालियर में क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में; झुग्गियों में दी दबिश
पहली किस्त पहले ले चुका था अधिकारी
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अधिकारी कथित रूप से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में करीब 1.50 लाख रुपए पहले ही प्राप्त कर चुका था। शेष राशि लेने के लिए उसने ठेकेदार को 19 जून को अपने निजी निवास स्मार्ट सिटी, अनूपपुर बुलाया था। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू ने पूरे मामले पर निगरानी रखी और ट्रैप की योजना तैयार की।
रिश्वत लेते ही EOW ने दबोचा
शुक्रवार को ईओडब्ल्यू की टीम पहले कार्यालय पहुंची, लेकिन अधिकारी वहां मौजूद नहीं थे। बाद में जब ठेकेदार से संपर्क हुआ तो उसे अधिकारी के घर बुलाया गया। जैसे ही ठेकेदार ने 30 हजार रुपए की रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से तैनात ईओडब्ल्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अमित कुमार साह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
यह भी पढ़ें: NEET री-एग्जाम और राष्ट्रपति का दौरा एक साथ; जबलपुर में 21 जून से पहले रेलवे स्टेशन की सघन चेकिंग शुरू
संपत्ति और दस्तावेजों की भी होगी जांच
गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी को पूछताछ के लिए पुलिस लाइन स्थित सर्किट हाउस ले जाया गया। ईओडब्ल्यू अब उनकी संपत्ति, बैंक रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जमानत पर रिहा किया जाएगा। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक प्रभा किरण सहित ईओडब्ल्यू रीवा की विशेष टीम शामिल रही।
