

PHO Museum In Vietnam: एक ऐसा म्यूजियम जहां इतिहास या कला नहीं बल्कि एक खास डिश की पूरी कहानी पेश की जाती हो। वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में खुला 'फो म्यूजियम' कुछ ऐसा ही अनोखा अनुभव देता है। फो, जो देखने में एक साधारण नूडल सूप लगता है।
दरअसल वियतनामी संस्कृति का बेहद अहम हिस्सा है। इस म्यूजियम में इस डिश का इतिहास, इसकी परंपरा और इसे बनाने की कला को एक ही जगह पर करीब से जाना जा सकता है। यही खासियत इसे टूरिस्ट्स के बीच तेजी से लोकप्रिय बना रही है और सोशल मीडिया पर भी यह म्यूजियम इन दिनों खूब ट्रेंड कर रहा है।
वियतनाम की पहचान बन चुका 'फो' अब सिर्फ एक डिश नहीं बल्कि वहां की जीवनशैली का अहम हिस्सा है। सड़क किनारे छोटे स्टॉल से लेकर बड़े रेस्टोरेंट तक इसकी खुशबू हर जगह महसूस की जा सकती है। इसी लोकप्रियता को ध्यान में रखते हुए “फो म्यूजियम” की स्थापना की गई है। यह म्यूजियम बेन थेन वार्ड में स्थित है और पूरी तरह इस पारंपरिक डिश को समर्पित है। यहां आने वाले लोग न केवल फो का स्वाद लेते हैं बल्कि इसके इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को भी करीब से समझते हैं। खाने के जरिए किसी देश की संस्कृति को जानने का यह अनोखा तरीका आज के टूरिज्म ट्रेंड में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
करीब 800 वर्ग मीटर में फैला यह तीन मंजिला म्यूजियम अपने आप में बेहद खास है। इसे वियतनाम का पहला निजी क्यूलिनरी म्यूजियम माना जा रहा है। अंदर प्रवेश करते ही ऐसा महसूस होता है मानो आप किसी एक डिश की पूरी दुनिया में पहुंच गए हों। म्यूजियम को अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है जिनमें एग्जिबिशन एरिया, शो किचन, सिनेमा रूम और सॉवेनियर शॉप। हर सेक्शन फो से जुड़े अलग-अलग पहलुओं को दर्शाता है और इस डिश की कहानी को अनोखे तरीके से सामने लाता है।
दूसरी मंजिल पर बच्चों के लिए खास गेम ज़ोन और सिनेमा रूम बनाया गया है, जहां फो की कहानी को रोचक और मनोरंजक अंदाज़ में पेश किया जाता है। यानी यह जगह सिर्फ फूड लवर्स ही नहीं बल्कि फैमिली टूर के लिए भी एक बेहतरीन विकल्प बन चुकी है।