

Small Kitchen Organisation Ideas: नवरात्रि में घर पर व्रत का खाना बनाने से लेकर मेहमानों के लिए स्नैक्स बनाने तक, किचन में काम बढ़ जाता है। ऐसे में अगर किचन छोटा हो, तो मसाले, बर्तन, सब्जियां और व्रत की सामग्री रखने के लिए जगह कम पड़ने लगती है। कई बार किचन काउंटर पर इतना सामान जमा हो जाता है कि खाना बनाना भी मुश्किल हो जाता है।
छोटे किचन को व्यवस्थित करने के लिए थोड़ी-सी प्लानिंग और सही तरीके से सामान रखने की जरूरत है। नवरात्रि शुरू होने से पहले ये 9 आसान तरीके आपके किचन को व्यवस्थित रखने में मदद कर सकते हैं।
हल्दी, धनिया, जीरा और लाल मिर्च जैसे रोजाना इस्तेमाल होने वाले मसालों के पैकेट किचन में बिखरे रहते हैं, तो जगह भी घिरती है और जरूरत के समय सामान ढूंढना भी मुश्किल होता है। मसालों को साफ, सूखे और लेबल लगे डिब्बों में रखें। इन्हें एक ट्रे या अलग शेल्फ में रखने से किचन का काउंटर खाली रहेगा।
कई बार किचन की अलमारी में डिब्बों के ऊपर खाली जगह बची रहती है। इस जगह का इस्तेमाल करने के लिए स्टैकेबल शेल्फ या एक के ऊपर एक रखे जा सकने वाले स्टोरेज कंटेनर चुनें। इससे एक ही कैबिनेट में ज्यादा सामान रखा जा सकता है।
छोटे किचन को बड़ा और खुला दिखाने का आसान तरीका है कि काउंटर पर केवल जरूरी सामान रखें। रोजाना इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को ही बाहर रखें और बाकी बर्तनों को कैबिनेट में जगह दें। चम्मच, कलछी और दूसरे हल्के बर्तनों के लिए दीवार पर लगने वाले रैक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
प्याज, आलू और दूसरी सब्जियों के पैकेट किचन के फर्श या काउंटर पर रखने से जगह जल्दी भर जाती है। इनके लिए अलग टोकरी या स्टैकेबल वेजिटेबल बास्केट इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि आलू और प्याज को हवादार, सूखी जगह पर रखें और फ्रिज में रखी जाने वाली सब्जियों को अलग रखें।
सिंक के पास बर्तन धोने वाला साबुन, स्क्रबर, स्पंज और ब्रश इधर-उधर पड़े हों, तो किचन बिखरा हुआ दिखता है। इन चीजों को रखने के लिए छोटा सिंक ऑर्गनाइजर इस्तेमाल करें। इससे सामान एक जगह रहेगा और काउंटर पर काम करने के लिए जगह मिलेगी।
त्योहार के लिए फल, दूध, दही और दूसरी चीजें खरीदने से पहले फ्रिज की सफाई कर लें। पुराने या खराब हो चुके सामान को हटाएं और एक जैसी चीजों को साथ रखें। ट्रांसपेरेंट स्टोरेज बिन में सब्जियां, डेयरी प्रोडक्ट और छोटे पैकेट अलग-अलग रखने से सामान ढूंढना आसान होता है। कच्चे और पके हुए खाने को अलग रखें और खराब होने वाली चीजों को सही तापमान पर स्टोर करें।
किचन की अलमारी के दरवाजे के अंदर की जगह का इस्तेमाल अक्सर नहीं किया जाता। यहां हल्के सामान के लिए चिपकने वाले हुक या छोटे ऑर्गनाइजर लगाए जा सकते हैं। इनमें मापने वाले चम्मच, हल्के बर्तन या छोटे पैकेट रखे जा सकते हैं। बस ध्यान रखें कि दरवाजा बंद करते समय सामान शेल्फ या दूसरे बर्तनों से न टकराए।
नवरात्रि में मखाना, साबूदाना, कुट्टू का आटा, राजगिरा, मेवे और मूंगफली जैसी सामग्री की जरूरत अधिक बढ़ जाती है। इनके पैकेट एक के ऊपर एक रखने के बजाय साफ, सूखे और एयरटाइट डिब्बों में भरें। हर डिब्बे पर सामग्री का नाम लिख दें, ताकि जरूरत के समय सामान आसानी से मिल जाए।
चाय, चीनी, कॉफी, रोजाना के मसाले और अक्सर इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को अलग-अलग अलमारियों में रखने के बजाय एक तय जगह पर रखें। इससे खाना बनाते समय बार-बार सामान ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जो चीजें रोज इस्तेमाल नहीं होतीं, उन्हें दूसरी शेल्फ में रखें।
त्योहार से पहले किचन को व्यवस्थित करने के लिए ढेर सारे नए स्टोरेज बॉक्स खरीदने की जरूरत नहीं है। सबसे पहले देखें कि सबसे ज्यादा जगह कहां घिर रही है। अगर मसालों के पैकेट परेशानी बढ़ा रहे हैं, तो उन्हें एक जगह रखें। अगर काउंटर भरा रहता है, तो गैर-जरूरी सामान हटा दें। और अगर अलमारी में जगह कम है, तो उसकी ऊंचाई का बेहतर इस्तेमाल करें।