मकर संक्रांति के दिन बनाएं मूंग दाल की 'मसाला खिचड़ी', जानिए रेसिपी

masala-khichdi
Published on: 
Updated on: 

-सीमा कुमारी

हिंदुओं का पावन त्योहार 'मकर संक्रांति' 14-15 जनवरी को है। यह पर्व सूर्य ग्रह के मकर राशि में प्रवेश करने पर मनाया जाता है। हर साल की तरह इस साल भी यह पर्व 14 जनवरी को मनाया जाएगा। इस पर्व को 'खिचड़ी' के नाम से भी जाना जाता है।

मान्यता के मुताबिक, इस दिन खिचड़ी खाने का बहुत ही महत्व माना गया है। इस दिन लोग न सिर्फ अपने घर पर खिचड़ी बनाते हैं बल्कि प्रसाद के रूप में बांटते भी हैं। ऐसे में अगर आप भी इस साल खिचड़ी बनाने के लिए एक नई रेसिपी ढूंढ रहे हैं तो आइए जानिए कैसे बनाई जाती है हेल्दी एवं स्पैशल मूंग दाल मसाला खिचड़ी।

सामग्री

  • एक कप धुली हुई मूंग दाल
  • एक कप चावल
  • 1/2 कप कटी हुई बीन्स
  • 1 छोटा आलू
  • 1 कप फूल गोभी
  • 1/2 कप गाजर
  • 1 मध्यम टमाटर
  • 1 हरी मिर्च कटी हुई
  • 1/2 चम्मच अदरक का पेस्ट
  • 1/4 चम्मच गरम मसाला
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 1 चम्मच खड़े मसाले
  • 3 बड़े चम्मच घी
  • 1/4 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • नमक स्वादानुसार
  • 1/2 छोटा चम्मच जीरा
  • 1/8 चम्मच हींग
  • 1/2 छोटा चम्मच राई

बनाने की विधि

मूंग दाल की मसाला खिचड़ी बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल और चावल को अच्छे से धोकर रख लें। अब एक कुकर में घी डालकर गरम करने के बाद उसमें खड़े मसालों के साथ सब्जियां डालकर भून लें। इसके बाद कुकर में चावल, मूंग दाल और पानी डालकर सीटी लगा दें।

इसके बाद एक कढ़ाही में घी गरम करके उसमें जीरा और हींग डालने के बाद टमाटर, हरी मिर्च, हल्दी पाउडर, नमक, लाल मिर्च पाउड और अदरक का पेस्ट, गरम मसाला डालकर कुछ देर और पकाएं फिर इसमें तैयार खिचड़ी डालकर लगभग 10 मिनट पकाएं।

एक पैन में घी, राई और सूखी लाल मिर्च का तड़का तैयार करें। खिचड़ी गैस से उतारने के बाद उसमें यह तड़का लगाकर हरा धनिया डालकर गार्निश करें। अब इस खिचड़ी को आप दही, पापड़, घी और अचार के साथ गर्मा-गर्म सर्व करें।