घर पर बनाएं गुजराती स्वीट डिश 'मोती पाक', जानिए इसकी आसान रेसिपी

Moti Paak
Published on
Updated on

-सीमा कुमारी

त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है। भारतीय घरों की रसोई में स्वीट डिश न हो, ये हो नहीं सकता। देश की अलग-अलग राज्यों की कई सारी स्वीट डिशेस (Sweet Dishes) ऐसी हैं जो कि देशभर में मशहूर हो चुकी हैं। ऐसी ही एक पारपंरिक स्वीट डिश है गुजरात का 'मोती पाक'। कहने को तो यह डिश गुजरात की पारंपरिक मिठाई है, लेकिन इसके खास स्वाद की वजह से ये अब देश के ज्यादातर हिस्सों में आसानी से मिल जाती है।

आप अगर घर की बनी मिठाइयों को खाने के शौकीन हैं, तो गुजराती स्वीट डिश 'मोती पाक' (Moti Paak) एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। घर में आसानी से तैयार होने वाली यह मिठाई मजेदार एवं जायकेदार स्वाद देती है। इस फेस्टिवल सीजन आप इसे घर में ट्राई कर सकते हैं। आइए जानें क्या है इसकी रेसिपी -

सामग्री

  • बेसन- 3 कप
  • मावा (खोया)- 1/4 कप
  • चीनी- 2 कप
  • दूध- 4 टेबल स्पून
  • देसी घी- 2 टी स्पून
  • इलायची पाउडर- 1 टी स्पून
  • गुलाब जल- 1 टी स्पून
  • केसर- चुटकी भर
  • पीला फूड कलर
  • लाल फूड कलर

बनाने की विधि

'मोती पाक' बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन लें और उसमें बेसन डालकर डेढ़ कप पानी मिलाएं। अब दो अन्य बर्तन लें। एक में पीला रंग और दूसरे में लाल रंग मिक्स करते हुए गाढ़ा घोल तैयार करें। अब एक पैन लें और उसे मीडियम आंच में गर्म करते हुए डेढ़ कप चीनी और पानी को उबाल लें। जब चीनी पिघलने लगे तो उसमें दूध डाल दें। 'मोती पाक' बेसन की बर्फी की तरह ही बनाया जाता है। ऐसे में इसे बनाने के लिए तार वाली चाशनी की जरूरत होगी। चाशनी बनाते वक्त जब एक तार आ जाए तो गैस की फ्लेम बंद कर दें। अब केसर और मीठा पीला रंग की कुछ बूंदें इसमें मिलाएं।

अब एक पैन को मीडियम आंच में रख दें और उसमें तेल गर्म करें। तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें बेसन के पीले वाले घोल को झरिया की मदद से तेल में डालते हुए बूंदी तल लें। अब तैयार बूंदियों को चाशनी में डालकर अच्छी तरह से मिला लें। अब एक अन्य कड़ाही लें और उसमें बची हुई चीनी और पानी डालकर उबाल लें। जब एक तार चाशनी बनने लगे तो बूंदी का मिश्रण और मावा मिलाते हुए धीरे-धीरे कड़छी से चला दें।

जब सभी मटेरियल अच्छी तरह से मिक्स हो जाए तो उसमें इलायची पाउडर, चुटकी भर केसर, थोड़ा सा घी और गुलाब जल डालकर मिला दें। अब दो मिनट बाद आंच को बंद कर दें और ट्रे लें उस पर घी लगाकर चिकना कर दें। फिर तैयार मिश्रण को ट्रे में एक समान फैला दें। अब इस मोती पाक को कुछ देर के लिए ठंडा होने के लिए छोड़ दें जिससे वजह जम जाए। अब चाकू की मदद से इसे अपने पसंद के आकार में या फिर चौकोर काट लें। इस तरह घर में ही आपका मोती पाक तैयार हो चुका है। इस फेस्टिवल सीजन में मेहमानों को इसे सर्व करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com